चालक से मारपीट का आरोप, भाजपा पार्षद के बेटे के खिलाफ मामला दर्ज

Edited By meena, Updated: 31 Jul, 2026 01:54 PM

case registered against bjp councilor s son for allegedly assaulting a driver

छत्तीसगढ़ के रायपुर नगर निगम के जोन-4 में पदस्थ वाहन चालक के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। चालक की शिकायत पर पुलिस ने जोन अध्यक्ष और...

रायपुर : छत्तीसगढ़ के रायपुर नगर निगम के जोन-4 में पदस्थ वाहन चालक के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। चालक की शिकायत पर पुलिस ने जोन अध्यक्ष और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पार्षद मुरली शर्मा के बेटे अनिल शर्मा के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने समेत संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया है। घटना से जुड़ा पीड़ित चालक का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता योगेन्द्र साहू (26), निवासी मठपुरैना, नगर निगम जोन क्रमांक-4 में जोन आयुक्त दिव्या चन्द्रवंशी के वाहन चालक के रूप में पदस्थ हैं। योगेन्द्र साहू ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि गुरुवार को अनिल शर्मा ने उन्हें नगर निगम कार्यालय बुलाया था। शिकायत में योगेन्द्र ने बताया कि कार्यालय पहुंचने पर पार्षद के बेटे ने उससे कहा, 'तू ही मैडम का ड्राइवर है? इसके बाद कथित रूप से गाली-गलौज शुरू कर दी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि विरोध करने पर अनिल शर्मा ने उनके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।'

चालक के मुताबिक, मारपीट की घटना में उनके सिर और कलाई में चोट आई है। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने जोन आयुक्त दिव्या चन्द्रवंशी के साथ भी अभद्र व्यवहार किया और गाली-गलौज की। योगेन्द्र ने पुलिस को दिए बयान में दावा किया है कि अनिल शर्मा इससे पहले भी नगर निगम कर्मचारियों के साथ मारपीट कर चुके हैं। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। इधर, कोतवाली पुलिस ने शिकायत के आधार पर अनिल शर्मा के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने से संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस ने मामला दर्ज होने की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रकरण की जांच जारी है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!