Edited By meena, Updated: 29 Jul, 2026 02:33 PM

उज्जैन में दादू आश्रम के महामंडलेश्वर ज्ञानदास महाराज पर एक महिला ने गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला ने रेप, मारपीट, जान से मारने की धमकी और आपत्तिजनक...
उज्जैन (विशाल सिंह) : उज्जैन में दादू आश्रम के महामंडलेश्वर ज्ञानदास महाराज पर एक महिला ने गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला ने रेप, मारपीट, जान से मारने की धमकी और आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने की शिकायत गृहमंत्री, डीजीपी, आईजी और एसपी से की है। वहीं दूसरी ओर महामंडलेश्वर ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग की साजिश बताया है।
महिला का आरोप है कि करीब डेढ़ साल पहले उसकी पहचान सोशल मीडिया के माध्यम से ज्ञानदास महाराज से हुई थी। उसके अनुसार, वर्ष 2025 की गुरु पूर्णिमा पर वह अपने भाई के साथ दादू आश्रम पहुंची थी और कुछ दिन वहीं रुकी। इसी दौरान महामंडलेश्वर ने उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर मारपीट की गई और कथित तौर पर वीडियो बनाकर उसे वायरल करने तथा जान से मारने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया गया।
दूसरी ओर, ज्ञानदास महाराज का कहना है कि महिला के सभी आरोप पूरी तरह झूठे और उनकी छवि खराब करने की साजिश हैं। उनका दावा है कि महिला पिछले एक वर्ष से उन्हें ब्लैकमेल करने का प्रयास कर रही और हनीट्रैप में फंसाने की कोशिश कर रही थी। उन्होंने दावा किया कि इस संबंध में ऑडियो, वीडियो और अन्य दस्तावेजी साक्ष्य पुलिस को सौंप दिए गए हैं।

महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल के अनुसार, दोनों पक्षों की शिकायतें, उपलब्ध साक्ष्य और तकनीकी तथ्यों की जांच की जा रही है। मामले में दोनों पक्षों की ओर से एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पुलिस निष्पक्ष जांच में जुटी हुई है।
गौरतलब है कि ज्ञानदास महाराज हाल ही में पथराव की घटना और शिप्रा नदी के प्रदूषण के मुद्दे को लेकर किए गए आंदोलनों के कारण भी चर्चा में रहे हैं। फिलहाल यह मामला जांच के अधीन है और आरोपों की सत्यता का अंतिम फैसला पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट होगा।