पुलिस हेड कांस्टेबल ने जांच के बहाने महिला से की दरिंदगी, वीडियो बनाकर शुरू किया ब्लैकमेल का खेल

Edited By Himansh sharma, Updated: 27 Jul, 2026 02:15 PM

indore head constable arrested in rape case sent to jail

मध्य प्रदेश के इंदौर में खाकी को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है

इंदौर (सचिन बहरानी): मध्य प्रदेश के इंदौर में खाकी को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां चंदन नगर थाने में पदस्थ हेड कांस्टेबल अंचल तिवारी को दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी पुलिसकर्मी ने सीएम हेल्पलाइन की शिकायत की जांच के बहाने 43 वर्षीय महिला से पहचान बढ़ाई थी। इसके बाद अश्लील फोटो और वीडियो बनाकर तथा परिवार को जान से मारने की धमकी देकर महिला का लगातार शोषण किया। पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर सीधे पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह से शिकायत की, जिसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए हेड कांस्टेबल की वर्दी उतरवाकर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। खास बात यह रही कि जिस थाने में अंचल तिवारी पदस्थ था, शनिवार की रात उसे उसी थाने की हवालात में गुजारनी पड़ी।

इंदौर शहर में कानून के रखवाले ही जब भक्षक बन जाएं, तो पुलिस महकमे की साख पर सवाल उठना लाजमी है। मामला चंदन नगर थाना क्षेत्र के सिरपुर इलाके का है। यहां रहने वाली 43 वर्षीय महिला ने एक मामले में सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई थी। थाने में पदस्थ हेड कांस्टेबल अंचल तिवारी जांच के बहाने महिला के घर पहुंचा और उससे मेलजोल बढ़ा लिया। उसने महिला को भरोसा दिलाया कि वह उसे अपनी बेटी जैसा मानता है।

आरोप है कि 25 दिसंबर 2024 को अंचल तिवारी, महिला के पति की अनुपस्थिति में शराब के नशे में उसके घर पहुंचा और उसे अकेला पाकर जबरन दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपी ने महिला के अश्लील फोटो और वीडियो भी बना लिए।

इसके बाद आरोपी अंचल तिवारी वीडियो वायरल करने तथा महिला के पति और मासूम बेटी की हत्या की धमकी देकर लगातार उसका शारीरिक शोषण करता रहा। प्रताड़ना से तंग आकर महिला ने आरोपी की पत्नी से भी शिकायत की, लेकिन वहां से मदद नहीं मिली। इसके बाद उसने अपने पति को पूरी घटना बताई और सीधे पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के समक्ष पहुंचकर आपबीती सुनाई।

मामला वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के संज्ञान में आते ही हड़कंप मच गया। ज़ोन-4 के डीसीपी सुनील मेहता ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अंचल तिवारी को लाइन अटैच किया। इसके बाद शनिवार रात उसे बहाने से थाने बुलाकर उसकी वर्दी उतरवाई गई और गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर रविवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

सूत्रों के मुताबिक, आरोपी अंचल तिवारी का पिछला रिकॉर्ड भी विवादित रहा है। विजयनगर और भंवरकुआं थानों में भी उसके खिलाफ पहले शिकायतें दर्ज हो चुकी हैं।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!