Edited By Desh Raj, Updated: 12 Jul, 2026 03:12 PM

मध्य प्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशों एवं मध्य प्रदेश लोक सेवा पदोन्नति नियम-2025 के तहत पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) छतरपुर रेंज कार्यालय ने प्रधान आरक्षकों (हेड कांस्टेबल) को कार्यवाहक सहायक उप निरीक्षक (ASI) के पद पर पदोन्नत करने...
छतरपुर (राजेश चौरसिया): मध्य प्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशों एवं मध्य प्रदेश लोक सेवा पदोन्नति नियम-2025 के तहत पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) छतरपुर रेंज कार्यालय ने प्रधान आरक्षकों (हेड कांस्टेबल) को कार्यवाहक सहायक उप निरीक्षक (ASI) के पद पर पदोन्नत करने का बड़ा आदेश जारी किया है। आदेश के तहत छतरपुर, पन्ना, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिले के हेड कांस्टेबलों को आगामी आदेश तक कार्यवाहक/अस्थायी रूप से एएसआई का प्रभार सौंपते हुए नई पदस्थापना दी गई है।
इस पदोन्नति सूची में सबसे अधिक लाभ छतरपुर जिले के पुलिसकर्मियों को मिला है। रेंज स्तर पर जारी सूची के अनुसार अनारक्षित वर्ग के 92, अनुसूचित जाति वर्ग के 48 और अनुसूचित जनजाति वर्ग के 24 प्रधान आरक्षकों को कार्यवाहक एएसआई बनाया गया है। इनमें अकेले छतरपुर जिले के 70 पुलिसकर्मी शामिल हैं। इनमें 39 अनारक्षित, 19 अनुसूचित जाति और 12 अनुसूचित जनजाति वर्ग के पुलिसकर्मियों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
डीआईजी कार्यालय द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह पदोन्नति माननीय सर्वोच्च न्यायालय में लंबित विशेष अनुमति याचिका क्रमांक 13954/2016 तथा भविष्य में सर्वोच्च न्यायालय एवं उच्च न्यायालय द्वारा पारित किए जाने वाले अंतिम आदेशों के अधीन रहेगी।
आदेश के अनुसार पदोन्नत अधिकारियों को आदेश प्राप्त होने की तिथि से एक माह के भीतर वेतन निर्धारण संबंधी अपना विकल्प प्रस्तुत करना होगा। वहीं संबंधित जिलों के पुलिस अधीक्षकों (एसपी) को निर्देश दिए गए हैं कि वे पदोन्नत पुलिसकर्मियों को वर्तमान पद से कार्यमुक्त कर नई पदस्थापना वाले जिले में तत्काल आमद सुनिश्चित कराएं।
इस बड़े प्रशासनिक फैसले के बाद छतरपुर रेंज में मैदानी स्तर पर सहायक उप निरीक्षकों की संख्या बढ़ेगी। इससे थानों और चौकियों में पुलिस व्यवस्था को और मजबूती मिलने के साथ कानून-व्यवस्था के संचालन में भी बेहतर समन्वय की उम्मीद जताई जा रही है।