Edited By Vandana Khosla, Updated: 31 Jul, 2026 10:05 AM

रायसेन (शिलाल यादव): शहर में एक सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) ओपी बरकड़े की कथित हरकतों ने पुलिस विभाग की छवि पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बस स्टैंड के समीप स्थित शराब दुकान के सामने वर्दी पहने एएसआई ओपी बरकड़े द्वारा शराब पीने और नशे की हालत में हंगामा...
रायसेन (शिलाल यादव): शहर में एक सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) ओपी बरकड़े की कथित हरकतों ने पुलिस विभाग की छवि पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बस स्टैंड के समीप स्थित शराब दुकान के सामने वर्दी पहने एएसआई ओपी बरकड़े द्वारा शराब पीने और नशे की हालत में हंगामा करने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में इसकी चर्चा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एएसआई वर्दी पहनकर शराब दुकान के सामने पहुंचे और वहीं शराब का सेवन किया। इसके बाद नशे की हालत में उन्होंने काफी देर तक हंगामा किया। जिससे मौके पर तमाशा देखने लोगों की भीड़ जुट गई। आरोप है कि इसी दौरान उन्होंने सार्वजनिक स्थान पर पैंट उतारकर पेशाब भी किया, जिससे उनकी वर्दी भी भीग गई। बाद में वे लड़खड़ाते हुए वहां से निकल गए।
घटना को वहां मौजूद कुछ लोगों ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली और अनुशासन को लेकर सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि जिस खाकी वर्दी से कानून और अनुशासन का संदेश जाता है, उसी वर्दी में इस तरह का आचरण बेहद शर्मनाक है।
गौरतलब है कि यह शराब दुकान शहर की कोतवाली से चंद कदमों की दूरी पर, भोपाल रोड स्थित बस स्टैंड के पास संचालित होती है। ऐसे में घटना ने पुलिस महकमे की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
अब निगाहें फिलहाल पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों पर टिकी हैं कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और सामने आए आरोपों की जांच के बाद एएसआई के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो विभागीय अनुशासन के तहत कड़ी कार्रवाई की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।