Edited By Vikas Tiwari, Updated: 14 May, 2023 02:32 PM

छत्तीसगढ़ बोर्ड टॉपर सानिया मरकाम ने जेल परिसर में पिताजी से मिली। इसके बाद सानिया मरकाम ने एसपी का आभार व्यक्त किया।
दुर्ग (के प्रदीप): छत्तीसगढ़ बोर्ड के परिणाम (CGBSE Result 2023) घोषित होने के बाद जिस तरह से दुर्ग जिले की बेटी सानिया मरकाम (sonia markam) ने दुर्ग जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया और पूरे प्रदेश में उनका सातवां स्थान रहा। आपको बता दे कि दुर्ग पुलिस अधीक्षक डॉ अभिषेक पल्लव (durg sp) ने छात्रा से मुलाकात कर सानिया मरकाम को इस उपलब्धि के लिए ढेर सारी बधाइयां दी। सानिया ने दुर्ग एसपी अभिषेक पल्लव से अपील की थी कि उसे अपने पिता से मिलने दिया जाए, जोकि इस समय हत्या के आरोप में दुर्ग जेल में सजा काट रहे हैं।
दुर्ग एसपी डॉ. अभिषेक पल्लव ने तत्काल जेल प्रशासन से बात कर आज खुद जेल परिसर में उपस्थित होकर सानिया को उनके पिताजी से जेल में भेंट कराया, सानिया ने पुलिस अधीक्षक महोदय का आभार व्यक्त किया। अत्यंत भावुक पल था वो जब सानिया ने अपने पिता से 3 साल बाद मुलाकात की। इस मुलाकात कार्यक्रम में सानिया मरकाम के साथ उनका परिवार भी सम्मिलित हुआ, जहां जेल परिवार ने सानिया को चॉकलेट भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
छत्तीसगढ़ बोर्ड टॉपर सानिया मरकाम ने जेल में सजा काट रहे अपने पिता से मिलने की इच्छा जताई थी। प्रशासन ने स्वीकार किया और सानिया अपने परिवार के साथ अपने पिताजी से मिलने दुर्ग जेल पहुंची।