किसानों के चेहरों पर लौटी मुस्कान, CM मोहन ने खातों में ट्रांसफर किए 107.72 करोड़ रुपए, सांसद ने जताया आभार

Edited By meena, Updated: 30 Jul, 2026 09:06 PM

cm mohan transferred 107 72 crore to accounts in burhanpur

बुरहानपुर जिले के केला उत्पादक किसानों के लिए गुरुवार का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ। प्राकृतिक आपदा से तबाह हुई फसलों के बाद लंबे इंतजार का अंत करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव...

बुरहानपुर (राजू सिंह) : बुरहानपुर जिले के केला उत्पादक किसानों के लिए गुरुवार का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ। प्राकृतिक आपदा से तबाह हुई फसलों के बाद लंबे इंतजार का अंत करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्य स्तरीय बलराम कृषि महोत्सव के दौरान सिंगल क्लिक के माध्यम से जिले के 8,115 किसानों के बैंक खातों में 107 करोड़ 72 लाख रुपये की राहत राशि अंतरित की। बुरहानपुर के इतिहास में पहली बार प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को एक साथ इतनी बड़ी आर्थिक सहायता मिली है।

यह राहत राशि 29, 30 मई और 1 जून को आई तेज आंधी, तूफान और बेमौसम बारिश से 8,963 हेक्टेयर क्षेत्र में नष्ट हुई केला फसल के नुकसान की भरपाई के लिए प्रदान की गई। मुख्यमंत्री के एक क्लिक के साथ ही हजारों किसानों के मोबाइल पर राशि जमा होने के संदेश आने लगे और किसानों के चेहरों पर राहत की मुस्कान लौट आई।

जनप्रतिनिधियों की मेहनत लाई रंग

इस ऐतिहासिक राहत के पीछे खंडवा सांसद ज्ञानेश्वर पाटील और नेपानगर विधायक मंजू राजेंद्र दादू सहित जनप्रतिनिधियों के लगातार प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दोनों जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से कई बार मुलाकात कर किसानों की पीड़ा से अवगत कराया और शीघ्र राहत दिलाने का आग्रह किया। जिला प्रशासन की सर्वे रिपोर्ट शासन तक पहुंचने के बाद भी उन्होंने लगातार मामले की पैरवी की, जिसका परिणाम किसानों को 107.72 करोड़ रुपये की राहत के रूप में मिला।

मुख्यमंत्री बोले— किसान हित सर्वोपरि

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने, आधुनिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा देने और प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों को समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। उन्होंने किसानों से आधुनिक, वैज्ञानिक, प्राकृतिक और जैविक खेती अपनाने तथा शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने का आह्वान किया।

सांसद ने जताया आभार

सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने कहा कि बुरहानपुर का केला देशभर में अपनी अलग पहचान रखता है। किसानों को राहत दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए गए और आज उसका सकारात्मक परिणाम सामने आया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की संवेदनशीलता के कारण हजारों किसानों को समय पर आर्थिक सहायता मिल सकी।

विधायक मंजू दादू ने कहा— नई उम्मीद का संबल

नेपानगर विधायक मंजू राजेंद्र दादू ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह राहत राशि किसानों के लिए नए कृषि सीजन की तैयारी में बड़ी मदद साबित होगी। प्रदेश सरकार किसान हितों की रक्षा के लिए पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

बलराम कृषि महोत्सव बना ज्ञान और नवाचार का मंच

जिला स्तरीय बलराम कृषि महोत्सव में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, गुणवत्तायुक्त बीज, जैविक खेती, प्राकृतिक संसाधन संरक्षण, फसल पोषण प्रबंधन और नवीन कृषि नवाचारों की जानकारी दी गई। कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों की जिज्ञासाओं का समाधान किया तथा विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रही।

किसानों ने जताया आभार

राहत राशि मिलने के बाद किसानों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, सांसद ज्ञानेश्वर पाटील, विधायक मंजू राजेंद्र दादू और सभी जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संकट की घड़ी में मिली यह 107.72 करोड़ रुपये की सहायता उनके लिए नई उम्मीद और नई ऊर्जा लेकर आई है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!