Edited By Himansh sharma, Updated: 06 Mar, 2026 05:44 PM

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री निवास पर भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की।
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री निवास पर भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान किसानों से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई और राज्य सरकार ने किसानों के हित में कई बड़े फैसलों की घोषणा की।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार किसान कल्याण के लिए समर्पित भाव से काम कर रही है। बैठक में किसानों की समस्याओं और सुझावों पर विस्तार से चर्चा की गई और उनके हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि केंद्र सरकार द्वारा तय ₹2585 प्रति क्विंटल MSP के अतिरिक्त मध्य प्रदेश सरकार इस वर्ष गेहूं खरीदी पर ₹40 प्रति क्विंटल बोनस देगी। इससे प्रदेश के लाखों किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।
इसके साथ ही गेहूं खरीदी के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि 7 मार्च से बढ़ाकर 10 मार्च कर दी गई है, ताकि अधिक से अधिक किसान पंजीयन कराकर अपनी उपज का समर्थन मूल्य पर विक्रय कर सकें।
बैठक में उड़द खरीदी पर ₹600 प्रति क्विंटल बोनस देने की भी घोषणा की गई। मुख्यमंत्री ने किसानों से उड़द की खेती बढ़ाने का आह्वान करते हुए कहा कि इससे किसानों को बोनस का लाभ मिलेगा और अगली फसल की तैयारी भी बेहतर तरीके से हो सकेगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि किसानों की सुविधा के लिए सिंचाई हेतु दिन में बिजली उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी, जिससे रात में सिंचाई के दौरान होने वाली समस्याओं और जोखिमों से किसानों को राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर भी पोस्ट कर कहा कि राज्य सरकार किसानों की समृद्धि और कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है और आगे भी किसानों के हित में फैसले लिए जाते रहेंगे।