Edited By meena, Updated: 02 Sep, 2026 01:54 PM

खंडवा में भाजपा अल्पसंख्यक जिला अध्यक्ष के भाई पर महिला से दुष्कर्म के प्रयास का गंभीर आरोप लगा है। महिला की शिकायत पर हरसूद पुलिस ने आरोपी यासीन पटेल...
खंडवा (मुश्ताक मंसूरी) : खंडवा में भाजपा अल्पसंख्यक जिला अध्यक्ष के भाई पर महिला से दुष्कर्म के प्रयास का गंभीर आरोप लगा है। महिला की शिकायत पर हरसूद पुलिस ने आरोपी यासीन पटेल के खिलाफ घर में घुसकर अश्लील हरकत, मारपीट, दुष्कर्म के प्रयास और जान से मारने की धमकी देने सहित धाराओं में मामला दर्ज किया है। पीड़िता ने पहले खंडवा एसपी से शिकायत कर निष्पक्ष जांच और परिवार की सुरक्षा की मांग की थी। महिला ने घटना के बाद समझौते के लिए दबाव बनाने और पति को फोन कर माफी मांगने का भी आरोप लगाया है।
मामला खंडवा जिले के छनेरा क्षेत्र का है, जहां एक महिला ने भाजपा अल्पसंख्यक जिला अध्यक्ष फाजिल पटेल के भाई यासीन पटेल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता के मुताबिक 25 अगस्त की शाम उसका पति घर से बाहर गया हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान यासीन पटेल ने पहले उसके पति को फोन कर लोकेशन की जानकारी ली और फिर चार पहिया वाहन से उसके घर पहुंच गया।महिला का आरोप है कि आरोपी बिना अनुमति घर में दाखिल हुआ और जबरन रसोई तक पहुंच गया। यहां उसने महिला का हाथ पकड़कर झूमाझटकी की और दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला के विरोध करने और शोर मचाने पर आरोपी मौके से चला गया।
पीड़िता का आरोप है कि जाते-जाते आरोपी ने उसे और उसके पति को धमकाया और जान से मारने के साथ ही पति को झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी।महिला के मुताबिक घटना के बाद भी आरोपी की तरफ से समझौते का दबाव बनाया जा रहा है। आरोप है कि आरोपी ने उसके पति के मोबाइल पर फोन कर माफी भी मांगी, जिसकी ऑडियो रिकॉर्डिंग पीड़िता के पास होने का दावा किया गया है।
SP से लगाई न्याय की गुहार
मंगलवार को पीड़िता ने खंडवा एसपी को लिखित शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। महिला ने मामले की निष्पक्ष जांच, महिला पुलिस अधिकारी से बयान दर्ज कराने, कॉल डिटेल और कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग की जांच कराने के साथ ही अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की। शिकायत और पुलिस जांच के बाद हरसूद पुलिस ने आरोपी यासीन पटेल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।