Edited By Himansh sharma, Updated: 03 Apr, 2026 06:41 PM

मध्य प्रदेश की राजनीति में इस समय दतिया से विधायक राजेंद्र भारती की विधानसभा सदस्यता समाप्त किए जाने का मामला सुर्खियों में है।
ग्वालियर (अंकुर जैन): मध्य प्रदेश की राजनीति में इस समय दतिया से विधायक राजेंद्र भारती की विधानसभा सदस्यता समाप्त किए जाने का मामला सुर्खियों में है। इस पूरे विवाद पर अब विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर का बड़ा बयान सामने आया है।
नरेंद्र सिंह तोमर ने स्पष्ट किया कि राजेंद्र भारती की सदस्यता समाप्त करने की कार्रवाई पूरी तरह से न्यायालय के आदेश और संवैधानिक प्रक्रिया के तहत की गई है। उन्होंने कहा कि इसमें किसी प्रकार की मनमानी नहीं हुई है और नियमों का पूरी तरह पालन किया गया है। तोमर ने यह भी बताया कि यह पहली बार नहीं है जब इस तरह की कार्रवाई की गई हो। इससे पहले भी विधानसभा में ऐसे फैसले लिए जा चुके हैं, जो कानूनी प्रक्रिया के अनुरूप थे।
विधानसभा अध्यक्ष ने इस मामले में कांग्रेस द्वारा उठाए जा रहे सवालों को भी खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि इस फैसले को लेकर राजनीतिक बयानबाज़ी करना उचित नहीं है, क्योंकि यह पूरी तरह कानूनी मामला है।
दरअसल, इस पूरे प्रकरण की शुरुआत गौतम नाम के एक व्यक्ति द्वारा दिए गए आवेदन से हुई थी। आवेदन में कोर्ट द्वारा सजा सुनाए जाने के बाद राजेंद्र भारती की सदस्यता समाप्त करने की मांग की गई थी।
फिलहाल, इस मामले में आगे की कार्रवाई अब न्यायालय के निर्देशों के अनुसार ही की जाएगी। वहीं, इस फैसले के बाद प्रदेश की सियासत में हलचल तेज हो गई है और सभी की नजरें आने वाले कानूनी घटनाक्रम पर टिकी हुई हैं।