Edited By Himansh sharma, Updated: 26 Mar, 2026 03:18 PM

मार्च खत्म होने के साथ ही अप्रैल 2026 की शुरुआत कई बड़े बदलावों के साथ होने जा रही है।
MP Desk : मार्च खत्म होने के साथ ही अप्रैल 2026 की शुरुआत कई बड़े बदलावों के साथ होने जा रही है। 1 अप्रैल से देशभर में ऐसे नए नियम लागू होंगे, जो सीधे तौर पर आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी और खर्चों को प्रभावित करेंगे। गैस सिलेंडर से लेकर बैंकिंग, टैक्स और रेलवे तक कई क्षेत्रों में बदलाव देखने को मिलेंगे।
सबसे पहले बात करें एलपीजी गैस की, तो हर महीने की पहली तारीख को कीमतें तय होती हैं। ऐसे में 1 अप्रैल को गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। मिडिल ईस्ट में तनाव और सप्लाई बाधाओं के चलते पहले ही कीमतों में उछाल देखा गया है। इसके अलावा एटीएफ, सीएनजी और पीएनजी के दामों में भी बदलाव संभव है, जिससे ट्रांसपोर्ट और रोजमर्रा का खर्च बढ़ सकता है।
टैक्सपेयर्स के लिए भी बड़ा बदलाव होने जा रहा है। 1 अप्रैल से नया आयकर कानून लागू होगा, जिससे टैक्स सिस्टम को आसान और आधुनिक बनाने का दावा किया गया है। इसके साथ ही ITR फाइलिंग प्रक्रिया में बदलाव होंगे। फॉर्म 16 और 16A में भी बदलाव देखने को मिल सकता है, जिससे सैलरी और नॉन-सैलरी आय से जुड़े नियम नए तरीके से लागू होंगे।
बैंकिंग सेक्टर में भी बदलाव तय हैं। एटीएम ट्रांजैक्शन से जुड़े नियम बदलने जा रहे हैं। कुछ बैंकों में UPI के जरिए ATM से किए गए ट्रांजैक्शन भी फ्री लिमिट में शामिल होंगे, जिससे ग्राहकों की मुफ्त ट्रांजैक्शन सीमा जल्दी खत्म हो सकती है। वहीं कुछ बैंकों ने कैश निकालने की लिमिट कम कर दी है और तय सीमा के बाद शुल्क भी देना होगा।
पैन कार्ड से जुड़े नियम भी सख्त होने जा रहे हैं। अब सिर्फ आधार कार्ड के आधार पर पैन बनवाना आसान नहीं होगा, बल्कि अतिरिक्त दस्तावेज देने पड़ सकते हैं। साथ ही लंबित आवेदनों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
रेल यात्रियों को भी झटका लग सकता है। 1 अप्रैल से टिकट कैंसिलेशन नियम सख्त किए जा रहे हैं। आखिरी समय में टिकट रद्द करने पर ज्यादा कटौती होगी और कम रिफंड मिलेगा। यानी अब यात्रा कैंसिल करना पहले से महंगा पड़ सकता है।
क्या है आम लोगों के लिए असर?
इन सभी बदलावों का सीधा असर आम जनता की जेब पर पड़ेगा। गैस और ईंधन महंगे हो सकते हैं, बैंकिंग सेवाओं में खर्च बढ़ सकता है और टैक्स नियम भी बदलेंगे। ऐसे में जरूरी है कि लोग इन नए नियमों को समझें और अपनी फाइनेंशियल प्लानिंग पहले से ही तय करें।