Edited By Himansh sharma, Updated: 15 Mar, 2026 02:23 PM

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर पड़ रहे असर के बीच भारत में भी एलपीजी संकट की आशंका बढ़ने लगी है।
भोपाल: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर पड़ रहे असर के बीच भारत में भी एलपीजी संकट की आशंका बढ़ने लगी है। अमेरिका और ईरान के बीच जारी संघर्ष के कारण होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले तेल और गैस टैंकरों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। इसका असर दुनिया भर की ऊर्जा सप्लाई पर पड़ रहा है। भारत में भी इसी वजह से एलपीजी सिलेंडर की मांग अचानक बढ़ गई है और कई शहरों में बुकिंग को लेकर मारामारी की स्थिति बनती दिखाई दे रही है। हालांकि केंद्र सरकार और मध्य प्रदेश की सरकार का कहना है कि घबराने की जरूरत नहीं है और घरेलू व कमर्शियल दोनों तरह के उपभोक्ताओं को पर्याप्त गैस उपलब्ध कराई जाएगी।
घबराहट में बढ़ी सिलेंडर बुकिंग
ऊर्जा आपूर्ति पर मंडरा रहे संकट के बीच देशभर में एलपीजी सिलेंडरों की पैनिक बुकिंग तेजी से बढ़ी है। रिपोर्ट के मुताबिक, हाल के दिनों में सिलेंडर बुकिंग का आंकड़ा बढ़कर करीब 88 लाख तक पहुंच गया है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अधिकारियों का कहना है कि लोग संभावित कमी के डर से पहले ही सिलेंडर बुक कर रहे हैं।
PNG कनेक्शन वालों को LPG सरेंडर करना होगा
सरकार ने गैस आपूर्ति को संतुलित रखने के लिए एक अहम नियम लागू किया है। नए नियम के अनुसार जिन घरों में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन मौजूद है, वे अब एक साथ घरेलू एलपीजी सिलेंडर नहीं रख सकेंगे। ऐसे उपभोक्ताओं को अपना LPG कनेक्शन सरेंडर करना होगा और वे आगे से सिलेंडर रिफिल भी नहीं करा पाएंगे। सरकार का मानना है कि PNG और LPG दोनों कनेक्शन एक साथ रखने से गैस की सप्लाई में असमानता और दुरुपयोग की समस्या बढ़ती है।
कालाबाजारी रोकने के लिए छापेमारी
गैस संकट के बीच सरकार ने एलपीजी सिलेंडरों की जमाखोरी और कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। MP में प्रशासन की टीमों द्वारा छापेमारी और औचक निरीक्षण किए जा रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, जहां जरूरत है वहां 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडरों की सीधे आपूर्ति भी की जा रही है ताकि उद्योगों और कारोबार पर असर न पड़े।
सिलेंडर बुकिंग के नियम में बदलाव
जमाखोरी रोकने के लिए सरकार ने एलपीजी सिलेंडर बुकिंग के नियम भी बदल दिए हैं। पहले जहां उपभोक्ता 21 दिन बाद नया सिलेंडर बुक कर सकते थे, अब यह अवधि बढ़ाकर 25 दिन कर दी गई है। इसका मकसद यह सुनिश्चित करना है कि एक ही परिवार बार-बार बुकिंग कर गैस का स्टॉक न कर सके।
गैस सिलेंडर के दाम भी बढ़े
एलपीजी संकट के बीच तेल कंपनियों ने सिलेंडर की कीमतों में भी बढ़ोतरी की है। हाल ही में घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम 60 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर के दाम 115 रुपये तक बढ़ा दिए गए हैं।