मैं शहर का बाप हूं... सोशल मीडिया पर गुंडागर्दी दिखाना पड़ा महंगा, पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई

Edited By meena, Updated: 02 Jun, 2026 08:32 PM

flaunting thuggery on social media proves costly police take major action

सोशल मीडिया पर खुद को ‘किंग’, ‘डॉन’ और ‘गैंगस्टर’ बताकर हथियारों, नशाखोरी और गुंडागर्दी का प्रदर्शन करने वालों पर दुर्ग पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। साइबर सेल और पुलिस टीम की संयुक्त निगरानी में ऐसे...

दुर्ग (हेमंत पाल) : सोशल मीडिया पर खुद को ‘किंग’, ‘डॉन’ और ‘गैंगस्टर’ बताकर हथियारों, नशाखोरी और गुंडागर्दी का प्रदर्शन करने वालों पर दुर्ग पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। साइबर सेल और पुलिस टीम की संयुक्त निगरानी में ऐसे 6 लोगों को चिन्हित कर तलब किया गया, जिनके सोशल मीडिया अकाउंट्स पर भड़काऊ और आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट की जा रही थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि इंस्टाग्राम और फेसबुक जैसे प्लेटफॉर्म पर कुछ युवक लड़ाई-झगड़े, हथियारों के प्रदर्शन, नशाखोरी और भय पैदा करने वाले वीडियो पोस्ट कर रहे थे। इन पोस्टों का उद्देश्य सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करना और आपराधिक छवि बनाना था। जांच के दौरान चिन्हित 6 व्यक्तियों में से 4 नाबालिग पाए गए। पुलिस ने उनके मोबाइल फोन से आपत्तिजनक पोस्ट तत्काल हटवाए और उनके परिजनों को थाने बुलाकर कड़ी समझाइश दी।

PunjabKesari

पुलिस अधिकारियों ने नाबालिगों और उनके अभिभावकों को बताया कि सोशल मीडिया पर डाली गई एक गलत पोस्ट भी कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती बन सकती है। इससे सामाजिक तनाव, विवाद और सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका रहती है। सभी नाबालिगों का सामाजिक पृष्ठभूमि प्रपत्र भरवाकर उन्हें काउंसलिंग के लिए भेजा गया है।
वहीं दो वयस्क युवकों के मोबाइल फोन में भी आपत्तिजनक और भड़काऊ सामग्री पाई गई। पोस्ट हटवाने के साथ उनके खिलाफ थाना छावनी में प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। कार्रवाई की जद में आए युवकों में सेक्टर-11 निवासी 23 वर्षीय कुलदीप सिंह और प्रगति नगर कैंप-1 निवासी 21 वर्षीय दुर्गेश सोनी शामिल हैं।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि कई अकाउंट ऐसे नामों से संचालित किए जा रहे थे जो सीधे तौर पर आपराधिक छवि को बढ़ावा देते हैं। इन अकाउंट्स पर हथियारों के साथ फोटो, नशे से जुड़ी सामग्री और असामाजिक गतिविधियों को महिमामंडित करने वाले वीडियो साझा किए जा रहे थे। ऐसे सभी अकाउंटों को चिन्हित कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

PunjabKesari
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों और अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों और युवाओं की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखें। पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर मारपीट, गुंडागर्दी, नशाखोरी, हथियारों का प्रदर्शन, सांप्रदायिक या जातीय भावनाएं भड़काने वाली पोस्ट तथा समाज में भय और अशांति फैलाने वाली सामग्री साझा करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दुर्ग पुलिस का कहना है कि साइबर सेल द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और भविष्य में भी कानून व्यवस्था एवं सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली गतिविधियों पर सख्ती जारी रहेगी।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!