Edited By Himansh sharma, Updated: 05 Oct, 2026 08:57 PM

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में मोमोज कम मिलने की शिकायत करना एक 18 साल के छात्र को भारी पड़ गया।
ग्वालियर (अंकुर जैन): मध्य प्रदेश के ग्वालियर में मोमोज कम मिलने की शिकायत करना एक 18 साल के छात्र को भारी पड़ गया। आरोप है कि कम मोमोज मिलने की बात पर ठेले वाले से छात्र का विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि ठेले वाले ने कढ़ाई में खौलता हुआ तेल उठाकर छात्र पर फेंक दिया। गर्म तेल की चपेट में आने से छात्र का चेहरा और कान गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दरअसल, पूरा मामला ग्वालियर के हजीरा थाना क्षेत्र के पुरानी रेशम मिल चौराहे का है। यहां 18 वर्षीय छात्र शिवा उर्फ चेतन भदौरिया अपने दोस्तों गोलू खान और विकास राजपूत के साथ जिम जाने के लिए निकला था।
बताया गया कि तीनों पुरानी रेशम मिल चौराहे पर अंकित नाम के व्यक्ति के मोमोज के ठेले पर रुके। शिवा ने 20 रुपये के मोमोज का ऑर्डर दिया। आरोप है कि प्लेट में मोमोज की संख्या कम होने पर शिवा ने इसकी शिकायत की।
इसी बात को लेकर शिवा और ठेले वाले अंकित के बीच कहासुनी शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद के दौरान दोनों के बीच गाली-गलौज हुई। आरोप है कि शिवा के विरोध करने पर अंकित ने पहले उसके साथ धक्का-मुक्की की और फिर कढ़ाई में रखा खौलता हुआ तेल उठाकर उस पर फेंक दिया।
अचानक हुए इस हमले में शिवा के चेहरे और कान पर गर्म तेल पड़ गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इसी बीच आरोपी ठेला छोड़कर मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब घटना के कारण, विवाद की पूरी परिस्थितियों और आरोपी की भूमिका की जांच कर रही है। महज मोमोज की संख्या को लेकर शुरू हुआ विवाद गर्म तेल से हमला करने के आरोप तक पहुंच गया। अब पुलिस की जांच और सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।