Edited By Vandana Khosla, Updated: 17 Apr, 2026 11:29 AM

इंदौर (मध्यप्रदेश): इंदौर में पुलिस ने 31 वर्षीय व्यक्ति की साजिशन हत्या में शामिल होने के आरोप में उसकी पत्नी और भाड़े के दो कातिलों समेत चार लोगों को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया। हत्याकांड को प्रेम संबंध और आपसी रंजिश के चलते अंजाम दिया गया था।
इंदौर (मध्यप्रदेश): इंदौर में पुलिस ने 31 वर्षीय व्यक्ति की साजिशन हत्या में शामिल होने के आरोप में उसकी पत्नी और भाड़े के दो कातिलों समेत चार लोगों को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया। हत्याकांड को प्रेम संबंध और आपसी रंजिश के चलते अंजाम दिया गया था।
जानकारी के अनुसार राऊ थाना क्षेत्र में 12 अप्रैल को नवीन पाटीदार (31) की लाश मिली थी। पुलिस के मुताबिक प्राथमिक जांच में यह सड़क दुर्घटना का मामला लग रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम के दौरान पाटीदार की गर्दन के पीछे देसी पिस्तौल से चली गोली फंसी पाई गई। जिससे पता चला कि इस शख्स की हत्या की गई थी। जांच में मिले सुरागों के आधार पर पाटीदार की पत्नी भारती और तीन बदमाशों-मुकेश कुमावत, अजय धोलपुरिया और श्रीराम बलाई को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि पाटीदार की पत्नी भारती के राहुल उइके नामक व्यक्ति से प्रेम संबंध थे। कुछ साल पहले हत्या के एक मामले में पाटीदार ने मुखबिरी करके उइके को गिरफ्तार कराया था। इस बात को लेकर दोनों के बीच रंजिश भी थी।
उइके और भारती ने मिलकर पाटीदार की हत्या की साजिश रची और इसे अमली जामा पहनाने के लिए कुमावत को मोटी रकम का वादा करके सुपारी दी। कुमावत ने अपने दो साथियों के संग मिलकर 12 अप्रैल की रात पाटीदार की हत्या को कथित तौर पर अंजाम दिया। पुलिस जांच में सामने आया कि मोटरसाइकिल पर सवार भाड़े के दो हमलावरों ने पाटीदार की गर्दन से देसी पिस्तौल सटाकर गोली मारी जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बिना पंजीयन नंबर की मोटरसाइकिल, देसी पिस्तौल और खोखे जब्त किए हैं। आरोपियों में शामिल उइके फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।