रतलाम में खौफनाक मंजर! रेलवे फाटक पर कार से भिड़ी ट्रेन, गेटमैन पर लगे गंभीर आरोप

Edited By Himansh sharma, Updated: 16 Oct, 2026 11:39 AM

ratlam train hits car at railway crossing goes viral

मध्य प्रदेश के रतलाम में गुरुवार रात एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। बंजली बायपास स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर एक कार फाटक के बीच फंस गई।

रतलाम: मध्य प्रदेश के रतलाम में गुरुवार रात एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। बंजली बायपास स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर एक कार फाटक के बीच फंस गई। इसी दौरान वहां से गुजर रही हिसार-खड़की सुपरफास्ट एक्सप्रेस के इंजन ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार दूर जा गिरी और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे का एक्सक्लूसिव वीडियो भी सामने आया है, जिसमें टक्कर का पूरा घटनाक्रम दिखाई दे रहा है। गनीमत रही कि कार चालक समय रहते बाहर निकल गया और ट्रेन में सवार यात्रियों के घायल होने की सूचना नहीं है।

घटना गुरुवार रात करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है। ट्रेन नंबर 22980 हिसार-खड़की सुपरफास्ट एक्सप्रेस रतलाम की ओर आ रही थी। इसी दौरान रेलवे क्रॉसिंग पर कार फंस गई और कुछ ही देर में ट्रेन से उसकी टक्कर हो गई। हादसे में कार के साथ ट्रेन के इंजन का अगला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हुआ। सूचना मिलते ही डीआरएम अश्वनी कुमार समेत रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचे। रतलाम स्टेशन पर इंजन की जांच के बाद ट्रेन को आगे रवाना किया गया।

अब सवाल रेलवे फाटक पर कार फंसने को लेकर उठ रहे हैं। कार चालक प्रणय उपाध्याय, जो ताल से रतलाम आ रहे थे, उनका कहना है कि फाटक खुला देखकर वह क्रॉसिंग के अंदर पहुंचे थे, लेकिन इसी बीच फाटक बंद हो गया और उनकी कार बीच में फंस गई। चालक का आरोप है कि उन्होंने गेटमैन को सूचना देने की कोशिश की, लेकिन उन्हें समय रहते उचित मदद नहीं मिली।

मामले में सबसे गंभीर आरोप गेटमैन को लेकर लगाया गया है। प्रणय उपाध्याय का दावा है कि गेटमैन ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में था। उन्होंने कमरे में शराब और बीयर की बोतलें, केन और गिलास रखे होने की बात भी कही है। चालक के मुताबिक, उनके पास एक वीडियो भी है, जिसमें गेटमैन कथित तौर पर नशे की हालत में दिखाई दे रहा है। हालांकि, इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

चालक ने यह आरोप भी लगाया कि गेटमैन ने ट्रेन के दूसरी दिशा से आने की बात कही थी, लेकिन इसी बीच ट्रेन आ गई और कार से टकरा गई। हादसे के समय कार में चालक अकेले थे। मौके पर मौजूद एक बाइक सवार भी ट्रेन को देखकर समय रहते सुरक्षित किनारे हो गया।

एक्सक्लूसिव वीडियो सामने आने के बाद रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। आखिर खुला फाटक देखकर क्रॉसिंग में पहुंची कार बीच में कैसे फंस गई? क्या कार चालक को समय रहते चेतावनी दी गई थी? और क्या ड्यूटी पर तैनात गेटमैन की लापरवाही हादसे की वजह बनी? डीआरएम अश्वनी कुमार ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। अब रेलवे की जांच में ही स्पष्ट होगा कि इस घटना के पीछे वास्तविक वजह क्या थी और जिम्मेदारी किसकी बनती है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!