Edited By Himansh sharma, Updated: 22 Dec, 2025 11:21 PM

छत्तीसगढ़ शासन के गृह (पुलिस) विभाग ने भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के तीन अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी किए हैं।
रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के गृह (पुलिस) विभाग ने भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के तीन अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। नवा रायपुर स्थित मंत्रालय से जारी आदेश के तहत राज्य के संवेदनशील जिलों में प्रशासनिक बदलाव किया गया है।
कांकेर में हालिया हिंसा की घटनाओं के बाद 2011 बैच की आईपीएस अधिकारी इंदिरा कल्याण ऐलेसेला को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल उत्तरी रेंज, सरगुजा का प्रभार दिया गया है। इससे पहले वे कांकेर जिले की पुलिस अधीक्षक के पद पर कार्यरत थीं।
वहीं 2019 बैच के आईपीएस अधिकारी निखिल अशोक कुमार रखेचा को कांकेर जिले का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। वे इससे पूर्व गरियाबंद जिले में एसपी के रूप में सेवाएं दे रहे थे।
इसी क्रम में वेदव्रत सिरमौर को गरियाबंद जिले की पुलिस कमान सौंपी गई है। वे वर्तमान में छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल, रायपुर में महाप्रबंधक के पद पर प्रतिनियुक्ति पर थे। गृह विभाग ने उनकी सेवाएं पर्यटन विभाग से वापस लेते हुए उन्हें पुलिस अधीक्षक, गरियाबंद के पद पर पदस्थ किया है।
राज्य सरकार के इस प्रशासनिक फैसले को कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।