Edited By Himansh sharma, Updated: 26 Dec, 2025 05:35 PM

जिला जेल के जेलर दिलीप सिंह जाटव को तत्काल प्रभाव से उनके पद से हटा दिया गया है।
छतरपुर। (राजेश चौरसिया): जिला जेल के जेलर दिलीप सिंह जाटव को तत्काल प्रभाव से उनके पद से हटा दिया गया है। यह कार्रवाई जेल मुख्यालय भोपाल द्वारा जारी आदेश के तहत की गई है। उनकी जगह केन्द्रीय जेल रीवा में पदस्थ उप जेल अधीक्षक योगेन्द्र पमार को जिला जेल छतरपुर का प्रभार सौंपा गया है।
जेलर दिलीप सिंह जाटव पर बीते कई दिनों से गंभीर आरोप सामने आ रहे थे। उन पर जेल के भीतर अवैध गतिविधियों को बढ़ावा देने, कैदियों से वसूली, मारपीट और अनुशासनहीनता से जुड़े मामलों की शिकायतें थीं। हाल ही में छतरपुर जेल में कैदियों पर हमले, अवैध वसूली और कैदियों की मौत से जुड़े मामलों ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी थी।
जेल मुख्यालय भोपाल से जारी आदेश
जेल मुख्यालय, भोपाल (मध्यप्रदेश) से शुक्रवार को जारी आदेश के अनुसार, योगेन्द्र पमार को प्रशासनिक एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से विशेष ड्यूटी पर जिला जेल छतरपुर भेजा गया है। वे आगामी आदेश तक इस पद का कार्यभार संभालेंगे।
यह आदेश महानिदेशक, जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं, मध्यप्रदेश डॉ. वरूण कपूर द्वारा जारी किया गया है। आदेश की प्रतिलिपि संबंधित अधिकारियों और विभागों को भी भेज दी गई है। प्रशासनिक हलकों में इस कार्रवाई को जेल व्यवस्था सुधार की दिशा में एक सख्त कदम माना जा रहा है।