Edited By Himansh sharma, Updated: 16 Mar, 2026 03:27 PM

मध्य प्रदेश कांग्रेस संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक रणनीति तय करने के लिए राजधानी दिल्ली में तीन दिवसीय अहम बैठकों का दौर शुरू होने जा रहा है
भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक रणनीति तय करने के लिए राजधानी दिल्ली में तीन दिवसीय अहम बैठकों का दौर शुरू होने जा रहा है। इन बैठकों में प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे और संगठन की वर्तमान स्थिति पर विस्तृत चर्चा करेंगे।
तीन दिन तक चलेगा बैठकों का दौर
बैठकों की शुरुआत आज शाम 4 बजे AICC मुख्यालय में होने वाली संगठनात्मक बैठक से होगी। इसके बाद मंगलवार को दिल्ली में दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक मैराथन बैठक आयोजित की जाएगी। इस दौरान संगठन के अलग-अलग पहलुओं की समीक्षा की जाएगी और आगे की रणनीति तय की जाएगी।
प्रभारी सचिवों से मांगी जाएगी रिपोर्ट
बैठक के दौरान प्रदेश के विभिन्न संभागों की जिम्मेदारी संभाल रहे प्रभारी सचिवों से उनके क्षेत्रों की विस्तृत रिपोर्ट ली जाएगी। संगठन की जमीनी स्थिति, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा होगी।
मोर्चा संगठनों की भी रहेगी मौजूदगी
इस महत्वपूर्ण बैठक में महिला कांग्रेस, किसान कांग्रेस, यूथ कांग्रेस और सेवादल के प्रदेश अध्यक्ष भी शामिल होंगे। इन संगठनों की गतिविधियों और संगठन विस्तार को लेकर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
जिला कार्यकारिणी में देरी पर उठ सकता है सवाल
सूत्रों के मुताबिक, बैठक में जिला कार्यकारिणी घोषित होने में हो रही देरी का मुद्दा भी जोर-शोर से उठ सकता है। फिलहाल प्रदेश के केवल करीब 10 फीसदी जिलों में ही कार्यकारिणी घोषित हो पाई है, जिससे संगठन के कामकाज पर असर पड़ रहा है।
भविष्य की राजनीतिक रणनीति पर होगा मंथन
इन बैठकों में आने वाले समय में पार्टी की राजनीतिक गतिविधियों, जनआंदोलनों और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा की जाएगी। कांग्रेस नेतृत्व का फोकस आगामी चुनावी चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए संगठन को अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाना है।