Edited By Himansh sharma, Updated: 15 Mar, 2026 03:03 PM

मध्य प्रदेश भाजपा में संगठनात्मक स्तर पर एक महत्वपूर्ण पद फिलहाल खाली पड़ा हुआ है।
भोपाल: मध्य प्रदेश भाजपा में संगठनात्मक स्तर पर एक महत्वपूर्ण पद फिलहाल खाली पड़ा हुआ है। सियासी गलियारों में चल रही चर्चाओं के मुताबिक प्रदेश में भाजपा संगठन महामंत्री के पद पर अभी किसी नई नियुक्ति की संभावना नजर नहीं आ रही है।
दरअसल, पूर्व संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा की विदाई को करीब डेढ़ महीना बीत चुका है, लेकिन उनके स्थान पर किसी नए चेहरे की नियुक्ति को लेकर पार्टी संगठन में अभी तक कोई ठोस हलचल दिखाई नहीं दे रही है।
राजनीतिक सूत्रों का कहना है कि फिलहाल क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल ही संगठन से जुड़े कई अहम कामकाज देख रहे हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि जब तक पार्टी शीर्ष नेतृत्व कोई औपचारिक फैसला नहीं लेता, तब तक यही व्यवस्था जारी रह सकती है।
इधर, यह भी चर्चा है कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की अगले सप्ताह पानीपत में होने वाली अहम बैठक के बाद संगठन महामंत्री के पद को लेकर कोई निर्णय सामने आ सकता है। हालांकि फिलहाल पार्टी या संघ की ओर से इस विषय में आधिकारिक रूप से कुछ भी नहीं कहा गया है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भाजपा में संगठन महामंत्री का पद बेहद अहम माना जाता है, क्योंकि यही पद संगठन और सरकार के बीच तालमेल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐसे में सभी की नजरें अब आने वाले दिनों में होने वाले फैसले पर टिकी हुई हैं।