Edited By Himansh sharma, Updated: 12 Jun, 2025 11:27 AM

मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में पलारी चौकी प्रभारी को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया है
सिवनी। मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में पलारी चौकी प्रभारी को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया है। चौकी प्रभारी ने एक्सीडेंट के मामले को कमजोर करने के एवज में घूस मांगी थी। शिकायत पर जबलपुर लोकायुक्त की टीम ने रंगे हाथों उसे दबोच लिया। फिलहाल आरोपी चौकी प्रभारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। सिवनी जिले के पलारी में जबलपुर लोकायुक्त की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है।
पलारी चौकी प्रभारी राजेश्वर शर्मा 6 हजार रुपए की रिश्वत लेते लोकायुक्त के हत्थे चढ़ गया। बताया जा रहा है कि चौकी प्रभारी राजेश्वर शर्मा एक एक्सीडेंट के मामले को कमजोर करने के एवज में शिकायतकर्ता महेश राय से घूस मांगी थी। महेश राय ने इसकी शिकायत जबलपुर लोकायुक्त से की थी। शिकायत का सत्यापन करने के बाद जबलपुर लोकायुक्त की टीम ने चौकी प्रभारी को 6 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। लोकायुक्त डीएसपी नीतू त्रिपाठी ने बताया कि पलारी निवासी महेश राय कृषक है। उनके ट्रैक्टर में एक महिला की साड़ी फंस गई थी, जिससे वह घायल हो गई थी। इस पर महेश राय के खिलाफ चौकी पलारी में केस दर्ज हुआ था।
इस केस को कमजोर करने के लिए चौकी प्रभारी राजेश्वर शर्मा ने 15 हजार की रिश्वत मांगी थी। लोकायुक्त डीएसपी नीतू ने बताया कि महेश राय ने इसकी शिकायत लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक से की थी। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शिकायत का सत्यापन कराया। दोनों के बीच 10 हजार रुपये में डील हुई थी। 10 में से 4 हजार रुपये ले लिए थे। वहीं दूसरी किस्त 6 हजार रुपये लेते हुए चौकी प्रभारी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।