Edited By Vandana Khosla, Updated: 06 Apr, 2026 04:49 PM

सीधीः मध्यप्रदेश में मौसम लगातार खराब बना हुआ है। सीधी जिले के चुरहट थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पटपरा सहित आसपास के कई गांवों में तेज बारिश और ओलावृष्टि ने तबाही मचाई हुई है। जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। किसानों की फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई...
सीधीः (सूरज शुक्ला) : मध्यप्रदेश में मौसम लगातार खराब बना हुआ है। सीधी जिले के चुरहट थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पटपरा सहित आसपास के कई गांवों में तेज बारिश और ओलावृष्टि ने तबाही मचाई हुई है। जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। किसानों की फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई है। जिस वजह से किसान गहरे संकट में आ गए हैं। पीड़ित किसानों ने उचित मुआवजा देने की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार रात से शुरू हुई बारिश सोमवार सुबह 8 बजे तक जारी रही। इस दौरान तेज बारिश के साथ ओले भी गिरे। अचानक बदले मौसम ने खेतों में खड़ी फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है। जिससे गेहूं, चना और मटर की फसल पूरी तरह से बर्बाद हो गई। खेतों में खड़ी फसलें गिर गईं और कई जगह बीज टूटकर जमीन पर बिखर गए। स्थानीय किसान रामजी तिवारी ने बताया कि इस साल उन्होंने बड़ी उम्मीदों के साथ खेती की थी, लेकिन अचानक हुई इस प्राकृतिक आपदा ने उनकी सारी मेहनत को नष्ट कर दिया।
उन्होंने कहा कि ओलावृष्टि इतनी तेज थी कि फसल संभल ही नहीं पाई, पूरा खेत बर्बादी का मंजर बन गया है। क्षेत्र के अन्य किसानों का भी यही हाल है। सभी ने शासन-प्रशासन से जल्द से जल्द सर्वे कराकर उचित मुआवजा देने की मांग की है, ताकि उन्हें इस नुकसान से उबरने में मदद मिल सके।
इधर, चुरहट एसडीएम वीके आनंद ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पटवारी को मौके पर भेजकर तत्काल निरीक्षण और फसल नुकसान का सर्वे कराने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि सर्वे रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।