सीधी की NEET छात्रा अनामिका बैगा की पढ़ाई में बड़ी मुश्किलें, CM के आश्वासन के बाद भी न मिली सुविधाएं

Edited By Himansh sharma, Updated: 10 Mar, 2026 07:24 PM

neet aspirant anamika baiga struggles despite cm s promises in seoni

जिले में बहुचर्चित छात्रा अनामिका बैगा का नीट (NEET) की पढ़ाई का मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है।

सीधी (सूरज शुक्ला): जिले में बहुचर्चित छात्रा अनामिका बैगा का नीट (NEET) की पढ़ाई का मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। मंगलवार को जनसुनवाई में पहुंची अनामिका ने जिला प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि भोपाल भेजे जाने के बावजूद उन्हें पढ़ाई और रहने की समुचित सुविधाएं नहीं मिल सकीं, जिससे उनकी तैयारी प्रभावित हो रही है।

करीब दो महीने पहले, सीधी जिले के बहरी तहसील में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव पहुंचे थे। उस दौरान अपनी नीट की पढ़ाई को लेकर रोती-बिलखती अनामिका बैगा ने मुख्यमंत्री से मिलने की इच्छा जताई, लेकिन सुरक्षा कर्मियों द्वारा मिलने नहीं दिया गया। यह मामला मीडिया में दिखाया गया और मुख्यमंत्री के संज्ञान में आने के बाद उन्होंने छात्रा को भोपाल में कोचिंग और आवासीय सुविधा दिलाने का आश्वासन दिया।

जिला प्रशासन ने मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार अनामिका का भोपाल स्थित ज्ञान शिखर कोचिंग सेंटर में एडमिशन कराया और रहने-खाने की व्यवस्था सुनिश्चित की। अनामिका करीब दो महीने तक वहां रहकर पढ़ाई करती रही।

लेकिन मंगलवार को पुनः जनसुनवाई में पहुंची अनामिका ने जिला कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ पर आरोप लगाते हुए बताया कि कोचिंग सेंटर में उसे कई परेशानियों का सामना करना पड़ा। उसने कहा कि कड़ाके की ठंड में उसे दूसरों से कंबल लेकर रातें काटनी पड़ीं और कई बार दो-दो से तीन-तीन दिन तक भोजन के लिए भी तरसना पड़ा।

अनामिका ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री ने उसे लैपटॉप और मोबाइल देने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक यह सुविधाएं नहीं मिलीं। इससे उसकी पढ़ाई का समय लगातार बर्बाद हो रहा है और नीट परीक्षा की तैयारी करना मुश्किल हो गया है। छात्रा ने आरोप लगाया कि भोपाल में रहते हुए भी उसने मुख्यमंत्री से मिलने की कोशिश की, लेकिन वहां मौजूद अधिकारियों ने उसे मिलने नहीं दिया।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!