Edited By Himansh sharma, Updated: 30 Jun, 2025 12:47 PM

पुलिस अब हर बिंदु पर गहराई से जांच कर रही है
रायसेन। (शिवलाल यादव): मध्यप्रदेश के रायसेन जिले के बेगमगंज थाना क्षेत्र के ग्राम भुरेरु का युवक भरत पटेल जो बीते दिनों घर से पुणे जाने के लिए निकला था। अब मृत अवस्था में उसका शव सागर जिले के जैसीनगर थाना क्षेत्र के कंदेला गांव के जंगल में मिला है। परिजनों ने 27 जून 2025 को उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट बेगमगंज थाने में दर्ज करवाई थी। शुक्रवार रात करीब 11 बजे जैसीनगर पुलिस को जंगल में एक शव मिलने की सूचना मिली थी। जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो शव पूरी तरह क्षत-विक्षत हालत में था। शव करीब 5 दिन पुराना लग रहा था, जिससे उसकी पहचान करना मुश्किल हो गया।
इसके बाद जैसीनगर थाना पुलिस ने आसपास के थानों में जानकारी साझा की और जांच पड़ताल शुरू की। शव के कपड़े और हाथ में पहनी अंगूठी से उसकी पहचान भरत पिता तारा सिंह पटेल, उम्र 25 वर्ष, निवासी भुरेरु के रूप में हुई। भरत पटेल के परिजन शनिवार को जैसीनगर पहुंचे और शव की पुष्टि की।
पुलिस ने शव को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज सागर भेजा है, जहां डॉक्टरों का पैनल पोस्टमार्टम करेगा। थाना प्रभारी शशिकांत गुर्जर के अनुसार, भरत पटेल कैसे वहां पहुंचा, यह परिजन भी नहीं जानते और न ही भरत से संपर्क हो पा रहा था। पुलिस अब हर बिंदु पर गहराई से जांच कर रही है कि यह हत्या है या कोई हादसा। यह मामला अब धीरे-धीरे रहस्य बनता जा रहा है, जिसकी गुत्थी सुलझाने में पुलिस जुटी है।