Edited By meena, Updated: 16 Mar, 2026 06:06 PM

उज्जैन में लोकायुक्त पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पंचायत सचिव और उसके साथी ठेकेदार को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोप है कि पंचायत सचिव ने निर्माण कार्यों की राशि...
उज्जैन (विशाल सिंह) : उज्जैन में लोकायुक्त पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पंचायत सचिव और उसके साथी ठेकेदार को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोप है कि पंचायत सचिव ने निर्माण कार्यों की राशि स्वीकृत करने के बदले सरपंच से 45 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी।
लोकायुक्त निरीक्षक दीपक सेजवार के अनुसार ग्राम बोरदा मांडा के सरपंच राजेश चतुर्वेदी ने 12 मार्च को लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि ग्राम पंचायत में करवाए गए निर्माण कार्यों की भुगतान राशि स्वीकृत करने के लिए पंचायत सचिव दरबार सिंह राठौड़ 45 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहा है। सरपंच ने यह भी बताया कि सचिव पहले ही 15 हजार रुपए ले चुका है और बाकी राशि की लगातार मांग कर रहा है।
शिकायत की जांच के बाद लोकायुक्त टीम ने सोमवार को ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई। डीएसपी राजेश पाठक के नेतृत्व में टीम ने कायथा थाने के पास जाल बिछाया। तय योजना के अनुसार सरपंच ने अपनी कार में पंचायत सचिव को 30 हजार रुपए दिए। सचिव ने यह रकम लेकर तुरंत अपने साथी ठेकेदार कमल बंजारा को दे दी।

इसी दौरान पहले से घात लगाए लोकायुक्त दल ने दोनों को रंगे हाथों पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की पूरी रकम भी बरामद कर ली गई। फिलहाल लोकायुक्त पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।