रीवा में हाईवोल्टेज ड्रामा: पुलिस से भिड़े कांग्रेस विधायक, हिरासत में लेकर ले गई पुलिस

Edited By Himansh sharma, Updated: 17 Sep, 2026 04:34 PM

police drag congress mla abhay mishra away in rewa

कल्पना मिश्रा और उनके नवजात बच्चे की मौत के मामले में परिवार की मांगों को लेकर रीवा में गुरुवार को फिर तनाव की स्थिति बन गई।

रीवा। कल्पना मिश्रा और उनके नवजात बच्चे की मौत के मामले में परिवार की मांगों को लेकर रीवा में गुरुवार को फिर तनाव की स्थिति बन गई। कल्पना मिश्रा के पिता रामशिरोमणि मिश्रा को धरना स्थल से हटाकर अस्पताल ले जाने के विरोध में कांग्रेस विधायक अभय मिश्रा समर्थकों के साथ सिरमौर चौराहे पहुंचे। मौके पर पहले से मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से विधायक की काफी देर तक बातचीत और बहस हुई। स्थिति बिगड़ने के बाद पुलिस ने विधायक को मौके से हटाते हुए हिरासत में ले लिया। जानकारी के मुताबिक, गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे अभय मिश्रा समर्थकों के साथ सिरमौर चौराहे पहुंचे। वहां पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी तैनात थे। विधायक ने अधिकारियों से सवाल किया कि चौराहे पर लोगों को एकत्र होने से क्यों रोका जा रहा है। उन्होंने क्षेत्र में धारा 144 लागू होने को लेकर भी प्रशासन से जानकारी मांगी।

इस दौरान विधायक और एसडीएम अनुराग तिवारी के बीच काफी देर तक बातचीत होती रही। प्रशासन की ओर से चौराहे पर भीड़ नहीं लगाने और मौके से हटने के लिए कहा गया। विधायक ने पुलिसकर्मियों से उन्हें हाथ नहीं लगाने की बात कही। हालांकि, विवाद बढ़ने के बाद पुलिसकर्मियों ने उन्हें पकड़कर वहां से हटाया। इस दौरान विधायक और पुलिस के बीच खींचतान जैसी स्थिति भी दिखाई दी।

परिवार की मांग को लेकर विरोध

पुलिस की कार्रवाई से पहले विधायक अभय मिश्रा ने कहा कि वे कल्पना मिश्रा के परिवार की मांगों के समर्थन में यहां पहुंचे हैं। उनका कहना था कि परिवार जिस मामले में कार्रवाई की मांग कर रहा है, उसमें उनकी आवाज उठाना जारी रहेगा। विधायक ने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए परिवार की मांगों को दबाने का आरोप भी लगाया। दरअसल, कल्पना मिश्रा के पिता रामशिरोमणि मिश्रा 2 सितंबर से सिरमौर चौराहे पर धरना और अनशन कर रहे थे। वे अपनी बेटी और नवजात बच्चे की मौत के मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल ले जाया गया था

लगातार अनशन के बीच रामशिरोमणि मिश्रा की तबीयत बिगड़ने पर 16 सितंबर को पुलिस और प्रशासन की टीम उन्हें धरना स्थल से हटाकर जिला अस्पताल ले गई थी। कार्रवाई के दौरान धरना स्थल पर लगाया गया टेंट भी हटाया गया। प्रशासन की ओर से बताया गया कि रामशिरोमणि मिश्रा की स्वास्थ्य स्थिति और सिरमौर चौराहे पर यातायात व्यवस्था को देखते हुए यह कदम उठाया गया। प्रशासन के मुताबिक, धरने के लिए आवश्यक अनुमति भी नहीं ली गई थी।

26 अगस्त को हुई थी कल्पना और बच्चे की मौत

कल्पना मिश्रा और उनके नवजात बच्चे की 26 अगस्त को संजय गांधी अस्पताल में मौत हुई थी। घटना के बाद से ही परिवार मामले की जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहा है।मामले में प्रशासन की ओर से मजिस्ट्रियल जांच शुरू किए जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, परिवार की मांग है कि जांच के साथ-साथ जिम्मेदार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई भी की जाए।

पहले भोपाल में भी प्रदर्शन कर चुके हैं अभय मिश्रा

इस मामले को लेकर विधायक अभय मिश्रा इससे पहले भोपाल में भी विरोध प्रदर्शन कर चुके हैं। अब रामशिरोमणि मिश्रा को धरना स्थल से हटाए जाने के बाद विधायक समर्थकों के साथ सिरमौर चौराहे पहुंचे थे। गुरुवार को हुए घटनाक्रम के दौरान चौराहे पर पुलिस बल मौजूद रहा। विधायक को हिरासत में लिए जाने के बाद पुलिस ने वहां मौजूद लोगों को भी हटाया। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल बना रहा।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!