Edited By Vandana Khosla, Updated: 02 Sep, 2026 09:56 AM

रायपुरः छत्तीसगढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो रहा है और वह जल्द ही पूर्ण सक्रियता के साथ कार्यकर्ताओं के बीच लौटेंगे। अस्वस्थता के बावजूद वह वर्चुअल माध्यम से संगठनात्मक गतिविधियों से जुड़े...
रायपुरः छत्तीसगढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो रहा है और वह जल्द ही पूर्ण सक्रियता के साथ कार्यकर्ताओं के बीच लौटेंगे। अस्वस्थता के बावजूद वह वर्चुअल माध्यम से संगठनात्मक गतिविधियों से जुड़े हुए हैं और पार्टी पदाधिकारियों को लगातार मार्गदर्शन दे रहे हैं।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. विजय शंकर मिश्रा ने बताया कि किरण देव प्रदेश कार्यालय में आयोजित महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठकों में नियमित रूप से ऑनलाइन शामिल हो रहे हैं।‘हर घर तिरंगा'अभियान और‘तिरंगा यात्रा'सहित पार्टी के विभिन्न कार्यक्रमों के दौरान भी वह संगठन के पदाधिकारियों के संपर्क में रहे और आगामी अभियानों की रूपरेखा तथा उनके क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश देते रहे हैं। उन्होंने बताया कि किरण देव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम‘मन की बात'को भी सुना। वह संगठन के विभिन्न अभियानों और गतिविधियों की लगातार निगरानी कर रहे हैं। उनके जल्द प्रत्यक्ष रूप से संगठनात्मक कार्यक्रमों में शामिल होने की उम्मीद है।
डॉ. मिश्रा ने चिकित्सकीय बुलेटिन के हवाले से बताया कि किरण देव की कमर के ऊपरी हिस्से में किसी प्रकार की चोट नहीं थी। कमर के निचले हिस्से में छोटा फ्रैक्चर था, जिसके उपचार के लिए सर्जरी की गई थी। चिकित्सकीय बुलेटिन के अनुसार फ्रैक्चर तेजी से ठीक हो रहा है और उनकी रिकवरी संतोषजनक है। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों ने स्वास्थ्य में हो रहे सुधार पर संतोष जताया है। किरण देव जल्द रायपुर लौटकर प्रदेश अध्यक्ष के रूप में संगठनात्मक दायित्वों का निर्वहन पूर्ण सक्रियता के साथ शुरू करेंगे।