Edited By meena, Updated: 23 Oct, 2026 02:08 PM

इसके साथ ही साल 2027 में होने वाले त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव भी निर्धारित समय से एक से दो महीने पहले कराए जाने की तैयारी है...
भोपाल : मध्य प्रदेश में डॉ. मोहन यादव सरकार पंचायत राज व्यवस्था में बड़े बदलाव की तैयारी कर रही है। सरकार ग्राम सभा के अधिकार पंचायत समितियों को सौंपने की दिशा में कदम उठा सकती है। इसके साथ ही साल 2027 में होने वाले त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव भी निर्धारित समय से एक से दो महीने पहले कराए जाने की तैयारी है।
दरअसल, मध्य प्रदेश में पिछला पंचायत चुनाव जून-जुलाई 2022 में हुआ था। ऐसे में साल 2027 में करीब 23 हजार ग्राम पंचायतों का कार्यकाल पूरा होने से पहले ही चुनाव कराने की तैयारी की जा रही है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल ने भी इस संबंध में घोषणा की है। बालाघाट जिले के वारासिवनी जनपद की ग्राम पंचायत गर्रा में आयोजित सरपंच सम्मेलन के दौरान उन्होंने ग्राम सभा के अधिकार पंचायत समितियों को देने की बात कही। साथ ही उन्होंने संकेत दिए कि आगामी पंचायत चुनाव एक या दो महीने पहले कराए जा सकते हैं, ताकि नई पंचायतों को समय पर कार्यभार सौंपा जा सके।
बता दें कि मध्य प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव साल 2027 में होना है। राज्य के 23 हजार पंचायतों का कार्यकाल खत्म होने के पहले ही चुनाव हो सकते हैं। यह बदलाव साल 2028 में होने वाले विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है। ताकि विधानसभा चुनाव से पहले पंचायत स्तर तक अच्छी पकड़ बनाई जा सके।
बताया जा रहा है कि चुनाव से पहले पंचायत राज के नियमों में बदलाव किया जाएगा और नई व्यवस्था को लेकर नीति स्पष्ट की जाएगी। वहीं, पंचायत चुनाव के लिए एक जनवरी 2027 की स्थिति में तैयार मतदाता सूची के आधार पर चुनाव कराए जाने की बात भी सामने आई है। हालांकि, ग्राम सभा के अधिकारों में बदलाव और चुनाव की तारीखों को लेकर अंतिम स्थिति संबंधित नियमों और आधिकारिक आदेशों के बाद ही स्पष्ट होगी।