Edited By Himansh sharma, Updated: 11 May, 2025 06:56 PM

डबरा में सड़क हादसा दो लोगों की मौत
डबरा। (भरत रावत): मध्य प्रदेश के डबरा में तेज रफ्तार वाहन ने दो जिंदगियों को लील लिया। यह हृदयविदारक हादसा गिजौर्रा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले देवगढ़ और कीरोल गांव के बीच दूध खो मोड़ पर हुआ, जहां एक अज्ञात चार पहिया वाहन ने बाइक सवार देवर-भाभी को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक कन्हैया बघेल (उम्र लगभग 35 वर्ष) वन विभाग में गार्ड के पद पर पदस्थ थे।
वह अपनी भाभी ममता बघेल के साथ बाइक से कीरोल गांव लौट रहे थे। दोनों पास के गांव में एक शादी समारोह में शामिल होकर वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान देवगढ़ और कीरोल के बीच दूध खो मोड़ पर तेज गति से आ रहे एक अज्ञात चार पहिया वाहन ने बाइक को सीधी टक्कर मार दी।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत दोनों घायलों को डबरा सिविल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही कन्हैया बघेल ने दम तोड़ दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल ममता बघेल को प्राथमिक इलाज के बाद ग्वालियर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी भी मौत हो गई।
हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल वाहन की पहचान और चालक की तलाश की जा रही है। इस हादसे ने पूरे इलाके में शोक की लहर फैला दी है। गांव में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।