Edited By meena, Updated: 10 Feb, 2026 12:29 PM

मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले में अवैध रेत परिवहन करने वाले हाइवा का वीडियो बनाने वाले युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है...
सिंगरौली (अंबुज तिवारी) : मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले में अवैध रेत परिवहन करने वाले हाइवा का वीडियो बनाने वाले युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। रेत चोरों ने युवक को दिनदहाड़े अगवा किया और जंगल में ले जाकर मारपीट की।
घटना 6 फरवरी की है। घटना से एक दिन पहले 5 फरवरी को युवक ने बिना टीपी के रेत का परिवहन करने वाले हाइवा (वाहन क्रमांक MP66ZF6163) का वीडियो बनाया था। एक आरोपी ने फोन पर युवक को घटना से एक दिन पहले ही जान से मारने की धमकी दी थी।

जियावन थाना क्षेत्र के खड़ौरा गांव निवासी पीड़ित युवक ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि दोपहर लगभग 2 बजे देवसर SDM कार्यालय के सामने था। तभी सुशांत पाठक और संजय द्विवेदी नाम के युवक उसे उठाकर परमा जंगल ले गए और उसके साथ मारपीट की। इसके बाद वहां पहुंचे 3 में से एक युवक ने भी हाकी से युवक को पीटा। इसके बाद युवक को वहीं छोड़कर सभी आरोपी मौके से भाग गए।

सूत्रों की माने तो इनमें से एक आरोपी बीजेपी युवा नेता का भाई भी है। फिलहाल पुलिस ने मामले में 5 आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया है। इस प्रकार की घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में डर का माहौल है। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें आरोपियों में शामिल एक युवक ने खुद पूरी घटना को बताया है।