Edited By Himansh sharma, Updated: 21 Apr, 2025 01:44 PM

बुरहानपुर में दो पक्षों में हुआ विवाद
बुरहानपुर। (राजू सिंह राठौड़): मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले में कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करती एक और घटना सामने आई है। शिकारपुरा थाना क्षेत्र के पानी की टंकी के पास दो पक्षों के बीच आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। लात और घूंसे चलने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। मारपीट में कई लोग घायल हुए जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर बेरहमी से हमला कर दिया। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और मामला दर्ज कर लिया है।
शिकारपुरा थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच आपसी रंजिश के चलते यह टकराव हुआ। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन सवाल यह है कि आए दिन हो रही ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए आखिर प्रशासन क्या कर रहा है?बुरहानपुर में लगातार हो रही मारपीट की घटनाएं जिले की शांति व्यवस्था को चुनौती देती नजर आ रही हैं।