रायपुर एयरपोर्ट पर इंडिगो फ्लाइट में मची अफरा-तफरी, पूर्व सीएम भूपेश बघेल भी थे मौजूद
Edited By meena, Updated: 18 Jun, 2025 08:41 PM

राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर शुक्रवार को एक बड़ी घटना टल गई...
रायपुर (आशीष सिंह) : राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर शुक्रवार को एक बड़ी घटना टल गई। दिल्ली से रायपुर पहुंची इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट का गेट लैंडिंग के बाद अचानक लॉक हो गया। करीब 40 मिनट तक गेट नहीं खुलने से विमान के अंदर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
इस फ्लाइट में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, विधायक चातुरी नंद और रायपुर की महापौर मीनल चौबे समेत दर्जनों यात्री सवार थे। हालांकि, विमान प्रबंधन और एयरपोर्ट टेक्निकल टीम की भारी मशक्कत के बाद गेट को सुरक्षित तरीके से खोला गया और सभी यात्री सकुशल बाहर निकल सके।
टेक्निकल इश्यू बना वजह
जानकारी के अनुसार, इंडिगो की यह फ्लाइट नियमित रूप से दोपहर 2:25 बजे रायपुर एयरपोर्ट पर लैंड करती है। लैंडिंग के बाद तकनीकी कारणों के चलते फ्लाइट का गेट लॉक हो गया। एयरपोर्ट टेक्निकल स्टाफ ने लगभग 40 मिनट की मशक्कत के बाद गेट को खोला।
यात्रियों में दिखी घबराहट, जनप्रतिनिधि भी रहे परेशान
गेट लॉक होने की सूचना मिलते ही यात्रियों के बीच घबराहट का माहौल बन गया। विमान में मौजूद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत अन्य जनप्रतिनिधि भी इस तकनीकी गड़बड़ी के कारण असहज महसूस करते दिखे। हालांकि, बाद में स्थिति सामान्य हुई और सभी यात्री सुरक्षित बाहर आ गए।