Edited By Vandana Khosla, Updated: 31 Jul, 2026 09:32 AM

बीजापुरः छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और बाढ़ जैसे हालात के मद्देनजर जिला प्रशासन ने जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में 31 जुलाई और एक अगस्त को अवकाश घोषित किया है।

जानकारी के अनुसार, जिला शिक्षा अधिकारी राजेश पांडेय द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि लगातार वर्षा के कारण छात्र-छात्राओं को विद्यालय पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। जिले के कई हिस्सों में नदी-नाले उफान पर हैं, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ है। इसे देखते हुए प्राथमिक, माध्यमिक, हाई स्कूल तथा हायर सेकेंडरी स्तर के सभी विद्यालयों में दो दिन का अवकाश घोषित किया गया है। इससे पहले बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी ने कलेक्टर विश्वदीप को पत्र लिखकर लगातार बारिश और जलभराव की स्थिति को देखते हुए स्कूलों में अवकाश घोषित करने का अनुरोध किया था।
विधायक ने कहा था कि खराब मौसम के कारण विद्यार्थियों की आवाजाही प्रभावित हो रही है और उनकी सुरक्षा के मद्देनजर अवकाश आवश्यक है। उल्लेखनीय है कि जिले में लगातार बारिश के कारण इंद्रावती नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है। कई ग्रामीण क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात हैं तथा अनेक सड़कें और पुल-पुलियों पर पानी भर जाने से आवागमन प्रभावित हुआ है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अत्यावश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलने की अपील की है।