Edited By meena, Updated: 23 Dec, 2022 01:31 PM

मध्य प्रदेश की तीर्थ नगरी ओमकारेश्वर पहुंची पूर्व मुख्यमंत्री और फायरब्रांड नेता उमा भारती पुरातत्व विभाग पर बरस पड़ी। दरअसल पुरातत्व विभाग ने ममलेश्वर मंदिर में नंदी जी के पास जाली लगा दी थी। जिससे मार्ग डायवर्शन हो गया था...
खंडवा(निशात सिद्दिकी): मध्य प्रदेश की तीर्थ नगरी ओमकारेश्वर पहुंची पूर्व मुख्यमंत्री और फायरब्रांड नेता उमा भारती पुरातत्व विभाग पर बरस पड़ी। दरअसल पुरातत्व विभाग ने ममलेश्वर मंदिर में नंदी जी के पास जाली लगा दी थी। जिससे मार्ग डायवर्शन हो गया था। बस इसी बात को लेकर उमा भारती नाराज हो गई। उन्होंने पुरातत्व विभाग से अपनी नाराजगी व्यक्त करते हुए सख्त अंदाज में कहा कि हर मंदिर का वास्तु होता है। द्वादश ज्योतिर्लिंग में ममलेश्वर वृषभ राशि के स्वामी हैं। वास्तु के हिसाब से नंदी के दाएं ओर से ज्योतिर्लिंग मंदिर में दर्शन करने जाना है। आपने इसे बंद कर मंदिर का वास्तु बिगाड़ रखा है। मैंने आज इसे हटा दिया है। अब यह दोबारा नहीं लगेगा। आपके अधिकारी को सूचना दे दीजिए कि मुझ पर एफआईआर दर्ज करा दें। मैं जेल जाने को तैयार हूं।

पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती गुरुवार को ओंकारेश्वर में ज्योतिर्लिंग दर्शन के दौरान जाली में कैद नंदी प्रतिमा को लेकर अफसरों पर भड़क गई। उन्होंने पुरातत्व विभाग के स्थानीय कर्मचारियों से कहा हजारों साल पहले विद्वानों ने वास्तु के अनुसार मंदिरों का निर्माण किया था। आज ऐसे विद्वानों को चुनौती देकर धरोहरों के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। अगर कुछ परिवर्तन जरूरी भी है तो इसके लिए वैदिक विद्वानों से सुझाव लेकर किए जाएं। उमा भारती बुधवार को गजानन आश्रम में ठहरी। गुरुवार सुबह ओंकारेश्वर में दर्शन किए। शुक्रवार को भी ओंकारेश्वर में रहेंगी।
यह है दर्शन का वास्तु
पूर्व सीएम ने कहा ओंकारेश्वर में मुख्य ज्योतिर्लिंग ममलेश्वर ही हैं। सामने ऊपर पहाड़ी पर तो विश्व के स्वामी ओंकार बिंदु संयुक्त बैठे हैं। ममलेश्वर ज्योतिर्लिंग वृषभ राशि के स्वामी हैं। सामने नंदी भी वास्तु के हिसाब से बैठे हैं। वास्तु अनुसार मुझे दाएं होकर मंदिर में प्रवेश करना है लेकिन आपने रास्ता बंद कर रखा है। मुझे छोड़ दें लेकिन देशभर से नंगे पांव आने वाले भक्तों की आस्था से खिलवाड़ हो रहा है। मैं यह नहीं होने दूंगी।

कर्मचारियों ने मांगा आवेदन, भारती ने कहा मैं क्या, कोई भक्त नहीं देगा
पूर्व सीएम भारती के कहने पर भक्तों ने नंदी के चारों ओर लगी जाली हथोड़े से हटवा दी। उन्हें रोकते हुए पुरातत्व विभाग के कर्मचारियों ने कहा आप आवेदन दे दो। हम अफसरों तक पहुंचाकर निराकरण कराएंगे। इस पर वे फिर भड़क उठीं। उन्होंने कहा मैं क्या कोई अन्य भक्त भी आवेदन नहीं देगा। मैंने जाली तोड़ी है। आप अफसरों को सूचना देकर एफआईआर दर्ज करा सकते हैं। मैं जेल जाने को तैयार हूं। लेकिन जाली दोबारा नहीं लगेगी। पूर्व सीएम के तेवर देख कर्मचारी सहमे नजर आए।