Edited By Vikas Tiwari, Updated: 23 Mar, 2026 07:45 PM

विष्णुदेव साय ने केरल दौरे के दौरान भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी माहौल को धार दी। उन्होंने कोट्टायम जिले के चेंगन्नूर और अरनमुला विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित नामांकन रैलियों में भाग लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार...
रायपुर (पुष्पेंद्र सिंह): विष्णुदेव साय ने केरल दौरे के दौरान भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी माहौल को धार दी। उन्होंने कोट्टायम जिले के चेंगन्नूर और अरनमुला विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित नामांकन रैलियों में भाग लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार किया और व्यापक जनसमर्थन जुटाने का प्रयास किया।

मुख्यमंत्री साय ने चेंगन्नूर से भाजपा प्रत्याशी एम.वी. गोपाकुमार और अरनमुला से कुम्मनम राजशेखरन के समर्थन में आयोजित सभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह चुनाव केरल की राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत का अवसर है। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता अब बदलाव के लिए तैयार है और एक सशक्त विकल्प की ओर देख रही है। साय ने कहा कि लंबे समय से चली आ रही पारंपरिक राजनीति से आगे बढ़कर अब जनता विकास, पारदर्शिता और जवाबदेही आधारित शासन चाहती है। उन्होंने दावा किया कि यह मॉडल भारतीय जनता पार्टी के माध्यम से ही संभव है।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि देशभर में सुशासन और विकास का जो मॉडल स्थापित हुआ है, उसने जनता के बीच विश्वास पैदा किया है और उसका प्रभाव अब केरल में भी दिखाई दे रहा है। अरनमुला में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि यह चुनाव राज्य की राजनीति में निर्णायक मोड़ साबित होगा। उन्होंने तुष्टिकरण की राजनीति से आगे बढ़कर सभी वर्गों के लिए समान अवसर और न्याय सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। मुख्यमंत्री साय ने विश्वास जताया कि चेंगन्नूर सहित पूरे केरल में भाजपा को व्यापक जनसमर्थन मिलेगा और यह चुनाव विकास, सुशासन और जनकल्याण की नई दिशा तय करेगा।