Edited By meena, Updated: 17 Aug, 2026 03:13 PM

मध्य प्रदेश की 1.25 करोड़ महिलाओं के बड़ी खबर सामने आई है। CM मोहन यादव जल्द ही लाड़ली बहना योजना की 39वीं...
भोपाल: मध्य प्रदेश की 1.25 करोड़ महिलाओं के बड़ी खबर सामने आई है। CM मोहन यादव जल्द ही लाड़ली बहना योजना की 39वीं किस्त जारी करने वाले हैं। सूत्रों के मुताबिक, सीएम मोहन यादव इस बार 19 अगस्त को मैहर जिले से लाडली बहना योजना की 39वीं किस्त ट्रांसफर कर सकते हैं। खास बात यह कि इस बार रक्षाबंधन के 250 रुपए बढ़ाकर यानी बहनों को 1750 रुपए जारी किए जा सकते हैं। हालांकि अभी तक मध्य प्रदेश सरकार की ओर से कोई आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है।
आमतौर पर लाडली बहना योजना की राशि 10 से 15 तारीख के बीच आ जाती है। लेकिन इस बार लाडली बहनों को थोड़ा इंतजार करना पड़ा है। बताया जा रहा है कि सीएम मोहन यादव का स्वंतत्रता दिवस कार्यक्रमों में व्यस्त रहना इसका कारण है। ऐसे में उम्मीद है कि रक्षाबंधन से पहले सीएम मोहन यादव 39वीं किस्त जारी कर सकते हैं। इधर मैहर जिले में मुख्यमंत्री के दौरे की तैयारियां शुरू हो गई हैं। जिला कलेक्टर के ऑफिशियल एक्स हैंडल पर भी सीएम के प्रस्तावित दौरे के चलते व्यवस्थाओं की समीक्षा की बात कही गई है। ऐसे में अटकलें लगाई जा रही है कि इस दौरे के दौरान सीएम मोहन यादव इस योजना की राशि जारी कर सकते हैं।
रक्षा बंधन के शगुन को लेकर संस्पेंस बरकरार
रक्षाबंधन के चलते इस बार लाडली बहनों को शगुन के पैसों का भी इंतजार है। क्योंकि सीएम मोहन यादव ने इससे पहले रक्षाबंधन और भाई दूज के मौके पर योजना की राशि के साथ 250 रुपये बढ़ाकर शगुन के तौर पर दिए थे। ऐसे में ज्यादातर महिलाओं को उम्मीद है कि इस बार उन्हें 1500 रुपये के साथ 250 रुपए मिलेंगे। हालांकि इस पर सस्पेंस बना हुआ है कि लाड़ली बहनों के खातों में 1500 रुपए आएंगे या 1750 रुपये? इस संबंध में सरकार की तरफ से कोई अपडेट नहीं आया है।