Edited By meena, Updated: 07 Apr, 2026 02:37 PM

सहकारिता बैंक भ्रष्टाचार प्रकरण में कांग्रेस नेता एवं पूर्व विधायक राजेंद्र भारती से जुड़े मामले की सुनवाई दिल्ली हाईकोर्ट में टल गई है। न्यायाधीश डॉ. स्वर्ण कांता शर्मा ने दोनों पक्षों के तर्क सुनने के उपरांत यह आदेश दिया...
दतिया (नवल यादव) : सहकारिता बैंक भ्रष्टाचार प्रकरण में कांग्रेस नेता एवं पूर्व विधायक राजेंद्र भारती से जुड़े मामले की सुनवाई दिल्ली हाईकोर्ट में टल गई है। न्यायाधीश डॉ. स्वर्ण कांता शर्मा ने दोनों पक्षों के तर्क सुनने के उपरांत यह आदेश दिया। अब इस मामले पर 15 अप्रैल को अगली सुनवाई होगी, जिस पर प्रदेश की सियासत की निगाहें टिकी हैं।
इधर सुनवाई टलने के साथ ही मध्यप्रदेश की राजनीति, विशेषकर भोपाल में, हलचल तेज हो गई है। इसी कड़ी में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के निवास पहुंचकर उनसे करीब आधे घंटे तक बंद कमरे में चर्चा की। इस मुलाकात को दतिया उपचुनाव की संभावित रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।
क्या हुआ कोर्ट में...
सहकारिता बैंक भ्रष्टाचार मामले में कांग्रेस नेता और पूर्व विधायक राजेंद्र भारती से जुड़े प्रकरण की सुनवाई मंगलवार को होनी थी, जिसे दिल्ली हाईकोर्ट ने स्थगित कर दिया। न्यायालय ने राज्य सरकार और शिकायतकर्ता को नोटिस जारी करते हुए 15 अप्रैल को उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।
उल्लेखनीय है कि एमपी-एमएलए कोर्ट ने राजेंद्र भारती को तीन वर्ष की सजा सुनाई थी। सजा के बाद विधानसभा सचिवालय ने उनकी सदस्यता समाप्त कर दी थी। इसी निर्णय को चुनौती देते हुए कांग्रेस ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की है।
मामले को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने और जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया है, जबकि भाजपा ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा है कि न्यायालय का निर्णय ही अंतिम सत्य है और कानून अपना कार्य कर रहा है।
अब 15 अप्रैल की सुनवाई पर सबकी निगाहें टिकी हैं। राजनीतिक हलकों में यह चर्चा तेज है कि यदि हाईकोर्ट से राहत मिलती है तो क्या राजेंद्र भारती की सदस्यता बहाल हो सकती है। आगामी सुनवाई प्रदेश की सियासत की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।