Edited By meena, Updated: 04 Apr, 2026 12:13 PM

देशभर में कांग्रेस एलपीजी गैस संकट को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रही है और सरकार को घेर रही है। वहीं मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता कमलनाथ ने अचानक पार्टी लाइन से हटकर बयान दिया...
भोपाल : देशभर में कांग्रेस एलपीजी गैस संकट को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रही है और सरकार को घेर रही है। वहीं मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता कमलनाथ ने अचानक पार्टी लाइन से हटकर बयान दिया। इसके बाद अचानक से भाजपा को बैठे बिठाए मुद्दा मिल गया। कमलनाथ के बयान को आधार बनाकर भाजपा नेताओं ने राहुल गांधी और कांग्रेस को घेरना शुरु कर दिया। इसी कड़ी में केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने भी कमलनाथ के बयान के जरिए कांग्रेस को खरी खोटी सुना दी।
केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने अपने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा है कि 'अब तो कांग्रेस नेता कमलनाथ जी ने भी स्वयं कह दिया है कि देश में पेट्रोल-डीजल और गैस की कोई कमी नहीं है' 'झूठ और भ्रम के बलबूते जनता को इतने दिनों तक गुमराह कर रही कांग्रेस को अब तो शर्म आना चाहिए। अब समय है कि कांग्रेस जनता में डर और विश्वास पैदा कर अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकना बंद कर दे।'
क्या था कमलनाथ का बयान
बीते गुरुवार को छिंदवाड़ा पहुंचे कमलनाथ ने एलपीजी संकट पर बड़ा बयान दिया जिसमें उन्होंने अप्रत्यक्ष रूप से Narendra Modi सरकार का बचाव किया। कमलनाथ ने साफ शब्दों में कहा कि देश में गैस की कोई कमी नहीं है। समस्या केवल वितरण व्यवस्था में गड़बड़ी की है। गलत मैनेजमेंट के कारण लोगों के बीच संकट का माहौल बना दिया गया है। उनका कहना है कि सप्लाई पर्याप्त है, लेकिन जमीनी स्तर पर सही तरीके से वितरण नहीं होने के कारण आम लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।