Edited By Vikas Tiwari, Updated: 24 Mar, 2026 04:45 PM

जिले के परासिया रोड स्थित क्लेरिस अस्पताल एक बार फिर विवादों के घेरे में आ गया है। यहां थायराइड ऑपरेशन के दौरान महिला मरीज की श्वास नली कटने का गंभीर आरोप सामने आया है।
छिंदवाड़ा (साहुल सिंह): जिले के परासिया रोड स्थित क्लेरिस अस्पताल एक बार फिर विवादों के घेरे में आ गया है। यहां थायराइड ऑपरेशन के दौरान महिला मरीज की श्वास नली कटने का गंभीर आरोप सामने आया है।
मरीज कमल बघेल के परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान सर्जन डॉ. मनन गोगिया ने लापरवाही बरती, जिससे महिला की हालत बिगड़ गई। परिजनों के अनुसार ऑपरेशन के बाद मरीज की तबीयत तेजी से खराब होने लगी, जिसके बाद उसे गंभीर अवस्था में हमीदिया अस्पताल रेफर किया गया। परिजनों का दावा है कि भोपाल में जांच के दौरान डॉक्टरों ने बताया कि ऑपरेशन के समय श्वास नली क्षतिग्रस्त हो गई है। फिलहाल महिला को कृत्रिम श्वास नली के सहारे सांस दी जा रही है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। साथ ही यह भी आरोप लगाया गया है कि अस्पताल प्रबंधन ने समय पर रेफर नहीं किया और इलाज में लापरवाही बरती, साथ ही अधिक बिल भी बनाया गया।
वहीं, अस्पताल प्रबंधन और सर्जन डॉ. मनन गोगिया ने इन सभी आरोपों को खारिज करते हुए उन्हें बेबुनियाद बताया है। उनका कहना है कि मरीज का थायराइड ऑपरेशन जटिल था और पूरी प्रक्रिया आधुनिक तकनीक और सावधानी के साथ की गई। उन्होंने यह भी कहा कि ऑपरेशन से पहले परिजनों से लिखित सहमति ली गई थी और मरीज को पर्याप्त आराम की जरूरत थी, लेकिन परिजन जल्दबाजी में मरीज को दूसरे अस्पताल ले गए। फिलहाल इस मामले में सच्चाई क्या है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। स्वास्थ्य विभाग द्वारा संभावित जांच के बाद ही जिम्मेदारी तय होने की उम्मीद है।