Edited By meena, Updated: 09 Dec, 2022 12:34 PM

रीवा में राजस्व, नागरिक आपूर्ति निगम और खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 16 सौ धान की बोरियां जब्त की। इन पर उत्तर प्रदेश की मुहर लगी हुई है। आरोपी इन्हें समर्थन मूल्य में खपाने की तैयारी में था।
रीवा(सुभाष मिश्रा): रीवा में राजस्व, नागरिक आपूर्ति निगम और खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 16 सौ धान की बोरियां जब्त की। इन पर उत्तर प्रदेश की मुहर लगी हुई है। आरोपी इन्हें समर्थन मूल्य में खपाने की तैयारी में था। जब्त की गई धान की बोरियों की कीमत 12 लाख 24 हजार रुपए हैं। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जा रही है।
दरअसल, रीवा में 123 खरीदी केंद्रों में समर्थन मूल्य पर धान का उपार्जन किया जा रहा है। इधर राजस्व खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम अवैध तरीके से धान उपार्जन का लाभ लेने का प्रयास करने वालों पर लगातार नजर गड़ाए हुए है। अधिकारी सीमावर्ती केन्द्रों में जांच नाके लगाने के साथ-साथ खरीदी केन्द्रों में लगातार निरीक्षण कर रहे हैं। इसी कड़ी में ग्राम टीकर में ललई यादव के उर्फ संतोष यादव के घर पर छापेमारी के दौरान 1600 बोरी अवैध धान जब्त की। इसका मूल्य 12 लाख 24 हजार रुपए तथा वजन लगभग 622 क्विंटल है।
जब्त बोरियों में उत्तरप्रदेश सरकार खाद्य तथा रसद विभाग का मोनो लगा हुआ है। इस संबंध में एसडीएम हुजूर अनुराग तिवारी ने बताया कि प्रकरण की जांच की जा रही है। आरोपी ललई यादव द्वारा बताया गया कि उनके घर में वर्तमान सरपंच टीकर के पति शंकरदयाल गुप्ता द्वारा उत्तरप्रदेश से लाकर धान रखी गई है। जिसे समर्थन मूल्य पर बेचने का प्रयास किया जा रहा है। उनके पास खेती योग्य जमीन नहीं है तथा उन्होंने धान उपार्जन के लिए पंजीयन भी नहीं कराया है। प्रथम दृष्टया अवैध पाए जाने पर धान को जब्त कर शासकीय गोदाम में सुरक्षित किया गया है। पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। इसमें लिप्त व्यक्तियों के विरूद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज कर कार्यवाही की जाएगी। जांच की कार्यवाही नायब तहसीलदार गोविंदगढ़, जिला प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम पंकज बोरसे, खाद्य निरीक्षक सुभाष द्विवेदी तथा दिलीप मिश्रा द्वारा की गई।
जिले में 123 खरीदी केन्द्रों में पंजीकृत किसानों से निर्धारित समर्थन मूल्य 2040 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान का उपार्जन किया जा रहा है। अब तक 5281 किसानों से दो लाख 8 हजार 351 क्विंटल धान का उपार्जन किया गया है। खरीदे गए धान के लिए 62 करोड़ 65 लाख रुपए के स्वीकृति पत्रक मंजूर किए गए हैं। इस संबंध में अपर कलेक्टर शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि धान उपार्जन के लिए अब तक 23 हजार 291 किसानों ने स्लॉट बुक किए हैं। जिले में 24 गोदाम स्तरीय खरीदी केन्द्रों में धान का उपार्जन किया जा रहा है।