Edited By Himansh sharma, Updated: 13 Mar, 2026 02:50 PM

जौरा थाना क्षेत्र में हुई लूट और अपहरण की घटना को लेकर विधायक पंकज उपाध्याय ने पुलिस प्रशासन और सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
मुरैना: जौरा थाना क्षेत्र में हुई लूट और अपहरण की घटना को लेकर विधायक पंकज उपाध्याय ने पुलिस प्रशासन और सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि जिन आरोपियों को सरकार विधानसभा में फरार बता रही है और जिन्हें पकड़ने की बात कही जा रही है, उनके फोटो तक थाने में लगे हुए हैं, फिर भी आज तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई। उन्होंने इसे शासन-प्रशासन की बड़ी नाकामी और शर्मनाक स्थिति बताया।
विधायक पंकज उपाध्याय ने बताया कि 30 नवंबर 2023 को विनोद दुबे ने जौरा थाने में FIR क्रमांक 719/23 दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 18 नवंबर 2023 को जौरा निवासी दिलीप गुर्जर के घर में मुलायम सिंह सिकरवार सहित 8-10 लोगों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। आरोप है कि इस दौरान विनोद दुबे का अपहरण कर उन्हें जान से मारने की नीयत से ले जाया गया।
बताया गया कि घटना की जानकारी फैलने के बाद आरोपी विनोद दुबे को गंभीर रूप से घायल हालत में चिन्नौनी थाने के बाहर छोड़कर फरार हो गए थे। काफी प्रयास और आंदोलन के बाद 30 नवंबर को मामला दर्ज हुआ, लेकिन घटना के करीब दो साल बाद भी किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
विधायक उपाध्याय ने आरोप लगाया कि पुलिस लगातार बहाने बना रही है और अपराधियों को बचाने का प्रयास कर रही है। उनका कहना है कि सभी आरोपी भाजपा से जुड़े कार्यकर्ता हैं, इसलिए प्रशासन कार्रवाई से बच रहा है। उन्होंने इसे लोकतंत्र और कानून व्यवस्था के लिए चिंताजनक बताया।
पंकज उपाध्याय ने यह भी कहा कि विधानसभा में कई बार इस मामले को उठाया गया। प्रश्न क्रमांक 591 (2 जुलाई 2024), प्रश्न क्रमांक 2642 (5 अगस्त 2025), प्रश्न क्रमांक 779 (2 दिसंबर 2025) और प्रश्न क्रमांक 637 (18 फरवरी 2026) के जवाब में सरकार ने कहा कि आरोपियों की तलाश जारी है, जबकि उनके फोटो थाने में लगे हुए हैं।
विधायक ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही आरोपियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो बड़े स्तर पर उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।