Edited By Desh Raj, Updated: 09 Feb, 2026 08:00 PM

इंदौर के विजय नगर इलाके में सोमवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब एक व्यक्ति ने बैंक की कुर्की कार्रवाई के दौरान खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। बैंक ऑफ महाराष्ट्र की टीम कोर्ट के कुर्की आदेश पर मकान सील करने पहुंची थी लेकिन मकान मालिक ने एक दिन का...
इंदौर (सचिन बहरानी): इंदौर के विजय नगर इलाके में सोमवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब एक व्यक्ति ने बैंक की कुर्की कार्रवाई के दौरान खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। बैंक ऑफ महाराष्ट्र की टीम कोर्ट के कुर्की आदेश पर मकान सील करने पहुंची थी लेकिन मकान मालिक ने एक दिन का समय मांगा था, जब बैंक कर्मचारियों और बैंक वकील ने मोहलत नहीं दी तो उन्होंने लाइसेंसी बंदूक से खुद को गोली मार ली। इस घटना से इलाके में हड़कंप है।
51 साल के हेमंत ब्रह्मवंशी बैंक टीम को देखकर तनाव में आया
विजय नगर थाना प्रभारी चंद्रकांत पटेल के मुताबिक 51 वर्षीय हेमंत ब्रह्मवंशी, जो इंदौर प्रीमियर कॉपरेटिव बैंक में कार्यरत थे, अपने घर पर मौजूद थे। इसी दौरान कोर्ट के आदेश पर बैंक ऑफ महाराष्ट्र की रिकवरी टीम मोर्टगेज लोन की कुर्की की कार्रवाई करने उनके घर पहुंची। टीम को देखकर हेमंत मानसिक रूप से बेहद परेशान और तनावग्रस्त हो गए, उन्होंने बैंक कर्मचारियों और बैंक के वकील से एक दिन की मोहलत मांगी, लेकिन मोहलत देने से मना कर दिया।
मोहलत नहीं मिली तो लाइसेंसी बंदूक से मारी गोली
इसी बीच तनाव में आकर उन्होंने घर के भीतर अपनी लाइसेंसी बंदूक उठाई और खुद को गोली मार ली। गोली लगते ही उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय घर में हेमंत की पत्नी और बेटा भी मौजूद थे, जो अचानक हुई इस वारदात से सदमे में हैं। गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग भी इकट्ठा हो गए और हेमंत को घर से कुछ दूरी पर स्थित अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस कर रही है मामले की छानबीन
सूचना मिलते ही विजय नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। फॉरेन्सिक अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और हथियार सहित अन्य सबूतों को कब्जे में लिया। पुलिस प्रारंभिक तौर पर इसे आत्महत्या मान रही है, हालांकि बैंक की टीम द्वारा की जा रही कुर्की कार्रवाई के समय हुई इस घटना की पूरी परिस्थितियों की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस परिजनों के बयान लेकर आगे की कार्रवाई में जुटी है।