Edited By meena, Updated: 21 Jun, 2022 05:40 PM

पिछले काफी समय से कांग्रेस पार्टी इंदौर नगर निगम पर जीत का सपना देख रही है। कांग्रेस ने इस बार अपने खास सिपहसलार और विधायक संजय शुक्ला को मैदान में उतारकर इस चुनाव को रोमांचक बना दिया है।
इंदौर(सचिन बहरानी): पिछले काफी समय से कांग्रेस पार्टी इंदौर नगर निगम पर जीत का सपना देख रही है। कांग्रेस ने इस बार अपने खास सिपहसलार और विधायक संजय शुक्ला को मैदान में उतारकर इस चुनाव को रोमांचक बना दिया है। कोरोना काल में अपनी सक्रियता और अपनी विधानसभा के लोगों को धार्मिक यात्रा कराने के लिए संजय शुक्ला काफी चर्चित रहे हैं। कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी के रूप में संजय शुक्ला इन दिनों चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं। अलग अलग क्षेत्रों में उनका जनसंपर्क अभियान जारी है। जहां तीन नंबर विधानसभा में उन्होंने शक्ति प्रदर्शन किया।

स्थानीय कांग्रेस नेताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर उन्होंने जनसंपर्क किया और जनता का आशीर्वाद लेते नजर आए। तीन नंबर विधानसभा के वार्ड 63 में कांग्रेस के प्रत्याशी शैलेश गर्ग और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। जहां पार्टी के कार्यकर्ता कांग्रेस के झंडे लहरा रहे थे। साथ ही कार्यकर्ता उत्साह के साथ अपने नेता का स्वागत करते भी दिखाई दिए।

जनसंपर्क के दौरान संजय शुक्ला ने जनता से आशीर्वाद लेने के साथ ही, सुख-दुख में हरसंभव साथ निभाने का वादा भी किया। इस मौके पर छावनी चौराहे पर कांग्रेस प्रत्याशी संजय शुक्ला ने लोगों को संबोधित करते हुए बीजेपी सरकार पर जमकर निशाना साधा। वही भाजपा द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर पलटवार करते हुए संजय शुक्ला ने कहा उन्हें भाजपा के सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं है। वे तो जनता के प्रतिनिधि है और चुनाव में जनता उन्हें अपना सर्टिफिकेट दे देगी। संजय शुक्ला ने एक बार फिर दोहराया कि वे इंदौर के बेटे है और इंदौर की जनता अपने बेटे का साथ देगी।