हेमंत कटारे के भाजपा में जाने की अटकलों पर BJP नेता का बड़ा बयान, दे दिया ऑफर

Edited By meena, Updated: 21 Feb, 2026 06:05 PM

bjp leader makes big statement on speculation of hemant katare joining bjp says

हेमंत कटारे को लेकर भाजपा में संभावित प्रवेश की अटकलों पर विधायक रामेश्वर शर्मा ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी तोड़फोड़ की राजनीति में विश्वास नहीं करती, लेकिन पार्टी....

भोपाल : हेमंत कटारे को लेकर भाजपा में संभावित प्रवेश की अटकलों पर विधायक रामेश्वर शर्मा ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी तोड़फोड़ की राजनीति में विश्वास नहीं करती, लेकिन पार्टी के दरवाजे सभी के लिए खुले हैं। हल्के-फुल्के अंदाज में उन्होंने यह भी जोड़ा कि फिलहाल भाजपा में ‘नो वैकेंसी’ है। उनके इस बयान ने सियासी गलियारों में नई चर्चा को जन्म दे दिया है।

‘मुझे भी साथ ले चलिए’ वाले बयान पर दावा

रामेश्वर शर्मा ने दावा किया कि विधानसभा से बाहर निकलते समय हेमंत कटारे ने भाजपा विधायक भगवानदास सबनानी से मजाक में कहा था— “भाई साहब, मुझे भी साथ ले चलिए।” इस कथन को लेकर राजनीतिक अटकलों को और बल मिला है। हालांकि इसे मजाकिया लहजे में कहा गया बताया जा रहा है, लेकिन विपक्ष और सत्तापक्ष दोनों ही इसे अपने-अपने तरीके से देख रहे हैं।

राहुल गांधी के दौरे से जोड़ा इस्तीफा

इस पूरे घटनाक्रम को लेकर शर्मा ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि जहां भी राहुल गांधी जाते हैं, वहां गुटबाजी और इस्तीफों का दौर शुरू हो जाता है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि जैसे ही राहुल गांधी के मध्य प्रदेश आने की सूचना मिली, वैसे ही उपनेता प्रतिपक्ष ने इस्तीफा दे दिया। अब यह सम्मान में दिया गया या अपमान में, यह तो संबंधित नेता ही बताएंगे।

किसान सभा और ट्रेड डील पर भी बयान

राहुल गांधी 23 फरवरी को मध्य प्रदेश आ रहे हैं, जहां वे भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में किसान सभा को संबोधित करेंगे। इसे राष्ट्रव्यापी आंदोलन की शुरुआत बताया जा रहा है, जिसकी शुरुआत भोपाल से होगी। इस मुद्दे पर भी रामेश्वर शर्मा ने टिप्पणी करते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं को किसानों की फसलों की जानकारी तक नहीं है। उन्होंने दावा किया कि नेहरू से लेकर मनमोहन सिंह तक किसी कांग्रेस सरकार ने किसानों का वास्तविक हित नहीं साधा।

भाजपा सरकारों की उपलब्धियों का जिक्र

रामेश्वर शर्मा ने कहा कि चाहे अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार हो या वर्तमान में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार, भाजपा ने हमेशा किसानों के हित में योजनाएं लागू की हैं। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा विकास और जनहित की राजनीति करती है, जबकि कांग्रेस केवल आरोप-प्रत्यारोप तक सीमित है।

कटारे ने अटकलों पर लगाया विराम

बता दें कि अटेर से कांग्रेस विधायक ने कल शुक्रवार शाम को विधानसभा उप नेता प्रतिपक्ष पद से अचानक इस्तीफा दे दिया। इसके बाद अटकलों का दौर शुरु हुआ किसी ने इसे कांग्रेस की गुटबाजी से जोड़ा तो किसी ने भाजपा में जाने की बात कही। हालांकि शनिवार सुबह हेमंत कटारे ने पोस्ट के जरिए सभी अटकलों पर विराम लगाते हुए कहा कि शादी की सालगिरह पर मैंने सिर्फ विधानसभा उप नेता प्रतिपक्ष पद से इस्तीफा दिया है। कांग्रेस पार्टी हमें विरासत में मिली है। भाजपाई किसी तरह की खुशफहमी न पालें।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!