Edited By Himansh sharma, Updated: 23 Mar, 2026 03:27 PM

मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम में पुलिस विभाग ने सोमवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 6 निरीक्षकों और 9 उप-निरीक्षकों (SI) की तबादला सूची जारी कर दी।
नर्मदापुरम: मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम में पुलिस विभाग ने सोमवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 6 निरीक्षकों और 9 उप-निरीक्षकों (SI) की तबादला सूची जारी कर दी। इस बदलाव के तहत जिले के सोहागपुर, रामपुर, केसला, पथरौटा, डोलरिया और अजाक थानों के प्रभारियों को बदल दिया गया है।
तबादले में सोहागपुर थाना प्रभारी ऊषा मरावी को पुलिस लाइन भेजा गया है, जबकि उनकी जगह राहुल रायकवार को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, अजाक थाना प्रभारी के रूप में राजेश दुबे और केसला थाना प्रभारी के रूप में मदन पवार को नियुक्त किया गया है। मदन पवार दूसरी बार केसला थाने की कमान संभालेंगे। इसी तरह उमाशंकर यादव को पुलिस लाइन भेजा गया है, जबकि प्रवीण चौहान को डोलरिया थाना प्रभारी बनाया गया है।
SI स्तर पर भी बड़ा बदलाव
सब-इंस्पेक्टर स्तर पर भी कई अहम तबादले किए गए हैं। रामपुर थाना प्रभारी एसआई विपिन पाल को इटारसी भेजा गया है, जबकि डोलरिया थाना प्रभारी एसआई खुमान सिंह को देहात थाना भेजा गया है। पथरौटा थाना प्रभारी संजीव पवार को रामपुर की जिम्मेदारी दी गई है।
सबसे खास बदलावों में से एक में एसआई मोनिका गौर को पथरौटा थाना प्रभारी बनाया गया है। इससे पहले वे लंबे समय तक देहात थाने में पदस्थ रहीं और अब दूसरी बार थाना प्रभारी के रूप में उनकी तैनाती की गई है।
इसके अलावा इटारसी, शिवपुर, सेमरी हरचंद और माखननगर क्षेत्रों में भी कई अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं। सूत्रों के मुताबिक, इस तबादला सूची का लंबे समय से इंतजार किया जा रहा था। हालांकि, बड़े थानों में व्यापक बदलाव की चर्चा के बावजूद फिलहाल सीमित स्तर पर ही फेरबदल किया गया है। इस प्रशासनिक बदलाव को पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली को और अधिक मजबूत और प्रभावी बनाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।