Edited By Himansh sharma, Updated: 24 Sep, 2026 05:33 PM

छत्तीसगढ़ के पुलिस महकमे में आने वाले समय में बड़े स्तर पर प्रशासनिक बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
रायपुर। छत्तीसगढ़ के पुलिस महकमे में आने वाले समय में बड़े स्तर पर प्रशासनिक बदलाव देखने को मिल सकते हैं। वरिष्ठ IPS अधिकारियों की पदोन्नति के साथ उनकी नई पदस्थापना को लेकर पुलिस मुख्यालय में प्रक्रिया आगे बढ़ने की जानकारी सामने आ रही है। करीब एक दर्जन IPS अधिकारियों के प्रमोशन और संभावित तबादलों को लेकर विभागीय स्तर पर प्रस्ताव तैयार किए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि पदोन्नति से जुड़े अधिकारियों की सर्विस रिकॉर्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज जुटाए जा रहे हैं। इनमें संबंधित अधिकारियों की सीआर भी शामिल है। विभागीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रस्तावों को आगे बढ़ाया जाएगा। संभावना है कि वर्ष के अंत तक प्रमोशन से जुड़ी प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जा सकता है।
2013 बैच के अधिकारियों को DIG पद की जिम्मेदारी मिलने की संभावना
प्रमोशन की संभावित सूची में 2013 बैच के कई IPS अधिकारियों के नाम चर्चा में हैं। जितेंद्र शुक्ला, मोहित गर्ग, भोजराम पटेल और अभिषेक पल्लव को DIG पद पर पदोन्नति दिए जाने की तैयारी की बात सामने आ रही है। इनमें जितेंद्र शुक्ला फिलहाल केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं। वहीं 2014 बैच के IPS अधिकारियों में शलभ सिन्हा, भावना गुप्ता, डी. लालजी भाई पटेल और चंद्रमोहन सिंह को SSP स्तर पर पदोन्नति मिलने की संभावना बताई जा रही है। इसके अलावा रायपुर पुलिस में ज्वाइंट कमिश्नर के पद पर कार्यरत अमित तुकाराम कांबले के IG पद पर प्रमोशन की चर्चा भी है।
प्रमोशन के साथ बदल सकती है कई अफसरों की पोस्टिंग
पुलिस विभाग में केवल पदोन्नति ही नहीं, बल्कि वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदा जिम्मेदारियों में बदलाव की संभावना भी जताई जा रही है। बिलासपुर के SSP रजनेश सिंह, दुर्ग के SSP विजय अग्रवाल, खैरागढ़ के SSP शशि मोहन सिंह और सरगुजा क्षेत्र के SSP राजेश अग्रवाल समेत कुछ अधिकारियों की नई पदस्थापना को लेकर विभागीय स्तर पर चर्चा होने की जानकारी है। सूत्रों के मुताबिक, जिन अधिकारियों ने मौजूदा पद पर निर्धारित अवधि से अधिक समय पूरा कर लिया है, उनकी पोस्टिंग की समीक्षा भी की जा रही है। ऐसे में प्रमोशन की प्रक्रिया के साथ तबादलों का फैसला होने पर कई जिलों की पुलिस कमान में बदलाव दिखाई दे सकता है।
बिलासपुर और दुर्ग-भिलाई कमिश्नरी पर भी नजर
छत्तीसगढ़ में पुलिस प्रशासन के ढांचे को लेकर एक और महत्वपूर्ण मुद्दा बिलासपुर और दुर्ग-भिलाई में पुलिस कमिश्नरी की व्यवस्था से जुड़ा है। बिलासपुर में पुलिस कमिश्नरी लागू करने की घोषणा उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा की ओर से पहले ही की जा चुकी है। हालांकि, इसके लिए प्रशासनिक और बजटीय प्रक्रिया पूरी होने में समय लग सकता है।
आगामी बजट में कमिश्नरी व्यवस्था के लिए आवश्यक प्रावधान किए जाने की संभावना के बीच पुलिस विभाग में वरिष्ठ अधिकारियों की नई जिम्मेदारियों को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं। फिलहाल इन संभावित प्रमोशन और तबादलों को लेकर अंतिम आदेश जारी होना बाकी है। विभागीय स्तर पर प्रस्ताव और प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही तस्वीर स्पष्ट होगी। यदि प्रमोशन, तबादले और कमिश्नरी से जुड़े फैसले एक साथ आगे बढ़ते हैं, तो आने वाले महीनों में छत्तीसगढ़ के पुलिस प्रशासन के स्तर पर महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिल सकते हैं।