Edited By Himansh sharma, Updated: 25 Feb, 2026 02:42 PM

छत्तीसगढ़ से राज्यसभा की दो सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ से राज्यसभा की दो सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है। 9 अप्रैल को कवि तेजपाल सिंह तुलसी और फूलो देवी नेताम का कार्यकाल पूरा हो रहा है, जिसके चलते इन दोनों सीटों के लिए नया चुनाव कराया जाएगा। भारत निर्वाचन आयोग ने चुनाव कार्यक्रम जारी कर दिया है।
इस बार कांग्रेस और भाजपा—दोनों पर ही जबरदस्त दबाव है कि वे छत्तीसगढ़ से ही लोकल नेता को राज्यसभा भेजें। पिछले कार्यकालों में राज्य से भेजे गए कई सांसद स्थानीय नहीं थे, जिस पर अंदरखाने नाराजगी देखने को मिल रही है।
कांग्रेस में किसका टिकट पक्का?
कांग्रेस की ओर से तीन बड़े नाम चर्चा में हैं—
दीपक बैज ,टी. एस. सिंह देव ,चरण दास महंत
पहले भूपेश बघेल का नाम सबसे आगे चल रहा था, लेकिन उन्होंने खुद को इस दौड़ से अलग कर लिया है।
BJP का दांव किस पर?
भाजपा की ओर से सरोज पांडे को राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने की सबसे ज्यादा चर्चा है। पार्टी हाईकमान लोकल चेहरे पर भरोसा जताकर सियासी संदेश देने की तैयारी में है।
नामांकन से वोटिंग तक पूरा शेड्यूल
नामांकन: 26 फरवरी से 5 मार्च
नाम वापसी: 9 मार्च
मतदान: 16 मार्च, सुबह 9 से शाम 4 बजे
मतगणना: 16 मार्च, शाम 5 बजे
नंबर गेम: किसका पलड़ा भारी?
छत्तीसगढ़ विधानसभा में कुल 90 विधायक वोट करेंगे।
भाजपा – 54 विधायक
कांग्रेस – 35 विधायक
गोंडवाना गणतंत्र पार्टी – 1 विधायक
संख्या बल में भाजपा मजबूत नजर आ रही है, लेकिन कांग्रेस एक सीट निकालने के लिए अंदरूनी रणनीति पर काम कर रही है।
लोकल बनाम बाहरी उम्मीदवार का मुद्दा
राज्य में पहले जब कांग्रेस की सरकार थी, तब राज्यसभा भेजे गए सांसदों में कई चेहरे छत्तीसगढ़ के नहीं थे। अब पार्टी कार्यकर्ता और नेता चाहते हैं कि इस बार राज्य की आवाज संसद के ऊपरी सदन में पहुंचे। यही दबाव भाजपा पर भी साफ दिख रहा है। कुल मिलाकर, छत्तीसगढ़ की दोनों राज्यसभा सीटों पर सिर्फ चुनाव नहीं, बल्कि सियासी प्रतिष्ठा की लड़ाई होने जा रही है। आने वाले दिनों में टिकट फाइनल होते ही राजनीतिक पारा और तेज होगा।