Edited By Himansh sharma, Updated: 27 Apr, 2026 11:01 PM

छत्तीसगढ़ के रायपुर नगर निगम की विशेष सामान्य सभा सोमवार को राजनीतिक अखाड़े में बदल गई।
रायपुर: छत्तीसगढ़ के रायपुर नगर निगम की विशेष सामान्य सभा सोमवार को राजनीतिक अखाड़े में बदल गई। महिला सशक्तिकरण जैसे गंभीर विषय पर बुलाई गई बैठक में भाजपा और कांग्रेस पार्षदों के बीच जमकर हंगामा, नारेबाजी और धक्का-मुक्की देखने को मिली। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि कुछ समय के लिए बैठक की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी।विवाद की शुरुआत उस समय हुई जब नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने चर्चा के दौरान भाजपा पार्षदों की ओर इशारा करते हुए कहा कि “ये लोग अंग्रेजों के मुखबिर थे।” इस टिप्पणी के बाद भाजपा पार्षद भड़क उठे। कई पार्षद अपनी सीट छोड़कर सीधे नेता प्रतिपक्ष के पास पहुंच गए, जोरदार नारेबाजी शुरू हो गई और देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया। आरोप है कि इस दौरान कुछ भाजपा पार्षदों ने माइक भी छीन लिया और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई।
सदन में शोर-शराबा बढ़ने पर सभापति सूर्यकांत राठौड़ को हस्तक्षेप करना पड़ा। हालात नियंत्रित करने के लिए बैठक को कुछ समय के लिए स्थगित किया गया। हालांकि बाद में कार्यवाही फिर शुरू कराई गई। इसी बैठक के दौरान एक और दिलचस्प लेकिन विवादित स्थिति तब बनी जब कांग्रेस पार्षद अर्जुमन एजाज ढेबर ने अपने भाषण में ‘परिसीमन’ की जगह ‘परमिशन’ शब्द का इस्तेमाल कर दिया। भाजपा पार्षद कृतिका जैन ने इस पर तंज कसते हुए टिप्पणी कर दी, जिसके बाद दोनों महिला पार्षदों के बीच तीखी बहस छिड़ गई।
स्थिति बिगड़ते देख सभापति ने बीच-बचाव करते हुए कहा कि “हम सभी यहां सीखने आए हैं, यह हमारी पहली पाठशाला है। नए सदस्य बोलते समय कई बार शब्दों का गलत इस्तेमाल कर देते हैं।” इसके बाद मामला शांत कराया गया। बैठक शुरू होने से पहले भी माहौल गरमाया हुआ था। भाजपा पार्षदों ने ‘कांग्रेस शर्म करो’ के नारे लगाए और कांग्रेस पर महिला विरोधी होने का आरोप लगाया। विरोध दर्ज कराने के लिए महापौर और भाजपा पार्षद काले कपड़े पहनकर सदन में पहुंचे। विपक्ष ने शहर में बढ़ते जल संकट पर चर्चा की मांग भी उठाई, लेकिन सभापति ने यह कहते हुए चर्चा से इनकार कर दिया कि दोनों पक्षों में इस विषय पर सहमति नहीं बन सकी है।संभावित हंगामे को देखते हुए नगर निगम परिसर में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए थे। फिलहाल, भारी राजनीतिक तनाव के बीच विशेष सामान्य सभा की कार्यवाही जारी रही।