Edited By meena, Updated: 12 Dec, 2022 04:19 PM

कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष के के मिश्रा ने पूर्व कैबिनेट मंत्री राजा पटेरिया के बयान से दूरी बनाई है। मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस पूर्व मंत्री राजा पटेरिया के बयान से इत्तेफाक नहीं रखती है।
भोपाल(विवान तिवारी): कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष के के मिश्रा ने पूर्व कैबिनेट मंत्री राजा पटेरिया के बयान से दूरी बनाई है। मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस पूर्व मंत्री राजा पटेरिया के बयान से इत्तेफाक नहीं रखती है। हम कांग्रेस पार्टी को उस बयान से दूर रखना चाहेंगे। इस देश में कांग्रेस पार्टी का जन्म अहिंसा की कोख से हुआ है। राजनीतिक आतंकवाद की वजह से कांग्रेस ने महात्मा गांधी, राजीव गांधी, इंदिरा गांधी और बेअंत सिंह जी को खोया है। जिस पार्टी ने राजनीतिक हिंसा के बतौर अपने नेताओं के बलिदान को अपनी आंखों से देखा है। वह पार्टी वैचारिक राजनीतिक हिंसा को भी एक अपराध मानती है। लिहाजा राजा पटेरिया का बयान उनका व्यक्तिगत बयान है और कांग्रेस पार्टी उससे अपने को पृथक रखती है।
बता दें कि पन्ना के पवई रेस्ट हाउस में पूर्व कैबिनेट मंत्री राजा पटेरिया का एक बयान सामने आया है। जहां जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित मंडलम सेक्टर अध्यक्षों की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी इलेक्शन खत्म कर देगा, मोदी धर्म, जाति और भाषा के आधार पर बांट देगा। दलित आदिवासियों का भावी जीवन खतरे में है। अगर संविधान को बचाना है तो मोदी की हत्या के लिए तत्पर रहो।