2028 में बनेगी कांग्रेस की सरकार...प्रदेश अध्यक्ष का बड़ा दावा, CM फेस के लिए चार वरिष्ठ नेताओं के नाम गिनाए

Edited By meena, Updated: 18 Sep, 2026 01:40 PM

congress government will be formed in chhattisgarh in 2028  deepak baij

मुख्यमंत्री के चेहरे से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस में कई नेता मुख्यमंत्री बनने के योग्य हैं। उन्होंने...

अंबिकापुर : छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने 2028 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार बनने का दावा करते हुए कहा है कि पार्टी में मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालने के योग्य कई वरिष्ठ नेता हैं और मुख्यमंत्री कौन होगा, इसका अंतिम निर्णय पार्टी हाईकमान करेगा। सरगुजा संभाग में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों और मास्टर ट्रेनरों के तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के गुरुवार रात समापन के दौरान बैज ने संवाददाताओं से चर्चा में आगामी विधानसभा चुनाव, कांग्रेस के नेतृत्व और प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर अपनी बात रखी। सरगुजा में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक विषयों पर प्रशिक्षण दिया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बैज ने कहा कि 2028 में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी। मुख्यमंत्री के चेहरे से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस में कई नेता मुख्यमंत्री बनने के योग्य हैं। उन्होंने चरण दास महंत, टीएस सिंहदेव, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और ताम्रध्वज साहू का नाम लेते हुए कहा कि ये सभी बड़े नेता मुख्यमंत्री बनने योग्य हैं। हालांकि प्रदेश में मुख्यमंत्री कौन बनेगा, इसका निर्णय अंतत: पार्टी हाईकमान को ही करना होता है। बैज ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा कार्यकर्ताओं में नाराजगी नजर आ रही है।

उन्होंने कहा, 'कांग्रेस भाजपा की फील्डिंग सेट कर रही है, अभी बैटिंग शुरू नहीं हुई है और पहले ही भाजपा के विकेट गिरना शुरू हो गया है।' उन्होंने दावा किया कि राज्य में कई जगह भाजपा कार्यकर्ताओं के इस्तीफे की खबरें सामने आ रही हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर आयोजित कार्यक्रमों को लेकर भी बैज ने भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी और किसानों से जुड़े मुद्दों को लेकर कार्यक्रम कर रही है। उन्होंने सवाल किया कि प्रधानमंत्री ने देश को क्या दिया है। बैज ने आरोप लगाया कि महंगाई लगातार बढ़ी है तथा पेट्रोल, डीजल और गैस महंगे हो गए हैं। इस बीच पूर्व उप मुख्यमंत्री सिंहदेव ने बैज के मुख्यमंत्री पद के संभावित चेहरों वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि चार नाम तो उन्होंने गिना दिए, लेकिन बैज भी मुख्यमंत्री बन सकते हैं, वे पीसीसी अध्यक्ष हैं और प्रोटोकॉल में हैं। सिंहदेव ने पिछली कांग्रेस सरकार के दौरान मुख्यमंत्री पद को लेकर चली चर्चाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि 'ढाई-ढाई साल के सीएम की चर्चा की वजह से कांग्रेस को नुकसान हुआ है, इसी की वजह से हार मिली है।' उल्लेखनीय है कि कांग्रेस इन दिनों प्रदेश में संभाग स्तर पर संगठनात्मक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर रही है। सरगुजा के प्रशिक्षण शिविर में ब्लॉक अध्यक्षों और मास्टर ट्रेनरों को बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने, जनसंपर्क और संगठनात्मक गतिविधियों से जुड़े विषयों का प्रशिक्षण दिया गया।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!